हल्द्वानी – नैनीताल ज़िले में लगातार हो रहे सड़क हादसे थमने का नाम ही नहीं ले रहे हैं। प्रशासन की सड़क सुरक्षा मुहिमों के बावजूद दुर्घटनाओं में कमी नहीं आ रही है। ताजा मामला काठगोदाम थाना क्षेत्र के भुजियाघाट का है, जहां देर शाम एक अनियंत्रित कार गहरी खाई में गिर गई।
इस हादसे में एक युवक सूरज सिंह (निवासी बिंदुखत्ता) की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
काठगोदाम थाना प्रभारी दीपक बिष्ट ने बताया कि
कार करीब 25 मीटर गहरी खाई में जा गिरी थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर राहत व बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को रेस्क्यू कर सुशीला तिवारी अस्पताल, हल्द्वानी भेजा गया, जहां उनकी हालत अब स्थिर बताई जा रही है।
प्रारंभिक पूछताछ में घायलों ने बताया कि वे लालकुआं से काठगोदाम दोस्तों के साथ मैगी खाने आए थे और वापसी के दौरान लमजाला क्षेत्र में हादसा हो गया।
पुलिस ने मृतक के शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है और दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है।