मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मियांवाला में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) द्वारा करीब 8 करोड़ 64 लाख रुपये की लागत से विकसित ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण किया। यह पार्क मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत पुराने तालाब के पुनर्जीवन से तैयार किया गया है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने क्षेत्रवासियों को नए पार्क की सौगात मिलने पर बधाई देते हुए इसे स्वच्छ, स्वस्थ और हरित देहरादून की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि ‘जल सृष्टि पार्क’ प्राकृतिक सौंदर्य और आधुनिक सुविधाओं का सुंदर समन्वय है। इसमें सभी आयु वर्ग के लोगों की सुविधाओं का ध्यान रखा गया है। पुराने तालाब को संरक्षित कर उसका पुनर्जीवन किया गया है और उसके बीच आकर्षक आइलैंड, मनोरंजन के लिए पेडल बोटिंग की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पार्क के विकास से यहां आने वाले लोगों को देहरादून में ही ‘नैनीताल जैसी अनुभूति’ मिल सकेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार विकास और पर्यावरण के बीच संतुलन बनाकर आगे बढ़ रही है। विकास का अर्थ केवल कंक्रीट के ढांचे तैयार करना नहीं है, बल्कि लोगों का जीवन आसान बनाना, शहरों को सुंदर बनाना और पर्यावरण को सुरक्षित रखना भी है। मुख्यमंत्री ने ‘जल सृष्टि पार्क’ को इसी सोच का उदाहरण बताया।
रायपुर क्षेत्र में कई विकास कार्यों को गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय से उत्तराखंड में विकास कार्यों को तेजी से आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, पार्क, सीवर और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कार्यों को लगातार गति दी जा रही है। सड़कों के डामरीकरण, नवीनीकरण और चौड़ीकरण के साथ-साथ सीवर व्यवस्था को भी मजबूत किया जा रहा है। पेयजल समस्याओं के समाधान, स्वास्थ्य एवं शिक्षा सुविधाओं के विस्तार तथा स्वच्छता और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि जल स्रोतों के संरक्षण, हरियाली बढ़ाने और बेहतर सार्वजनिक सुविधाओं के विकास से देहरादून को स्वच्छ, स्वस्थ और पर्यावरण अनुकूल शहर बनाने के संकल्प को नई गति मिल रही है।