देहरादून के मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर दून पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार सुबह हुए ट्रक हादसे में एक व्यक्ति की मौत और दो लोगों के घायल होने के बाद पुलिस ने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) को दोबारा लिखित नोटिस जारी किया है। पुलिस ने हादसों की रोकथाम और आगे की कार्ययोजना पर तीन दिन के भीतर जवाब मांगा है, साथ ही संतोषजनक उत्तर न मिलने पर वैधानिक कार्रवाई की चेतावनी दी है।
जानकारी के अनुसार, रविवार सुबह कंट्रोल रूम के माध्यम से पटेलनगर थाना पुलिस को मोहब्बेवाला के पास ट्रक दुर्घटनाग्रस्त होने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर सर्विस और ट्रैफिक की टीमें मौके पर पहुंचीं। हादसे में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
प्रभारी एसपी ट्रैफिक जया बालोनी ने बताया कि मोहब्बेवाला क्षेत्र में लगातार सड़क दुर्घटनाएं के संबंध में पहले भी राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग को अवगत कराया है, बावजूद इसके हादसे जारी रहने पर अब पुलिस ने दोबारा सख्ती दिखाते हुए नोटिस जारी किया है और प्रभावी कदम उठाने की मांग की है।