नेशनल खेलों की तैयारियों के तहत 14 फरवरी तक सड़क कटिंग पर रोक, जिलाधिकारी ने दिए सख्त निर्देश

आगामी नेशनल खेलों के सफल आयोजन और जनसुरक्षा को ध्यान में रखते हुए देहरादून जिलाधिकारी ने बड़ा फैसला लिया है। जारी आदेश के अनुसार, जनपद में 14 फरवरी 2025 तक सड़क कटिंग की अनुमति नहीं दी जाएगी। यह कदम खेलों के दौरान शहर की यातायात व्यवस्था को सुगम और सुरक्षित बनाए रखने के उद्देश्य से उठाया गया है।

निर्माण कार्य केवल शर्तों के साथ
जिलाधिकारी ने यह स्पष्ट किया कि निर्माण कार्यों से जुड़े संस्थानों को केवल सड़क कटिंग न करने की शर्त पर साइड परियोजनाओं पर काम करने की अनुमति होगी। साथ ही, उन्हें अपने-अपने प्रोजेक्ट तय समय पर शीघ्र पूरा करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

उन्होंने चेतावनी दी कि यदि किसी ने आदेश का उल्लंघन करते हुए सड़क कटिंग की, तो उसे कड़ी कानूनी कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा। जिलाधिकारी ने कहा कि जनसुरक्षा सर्वोपरि है, और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

सड़क पर मलबा और गड्ढों पर कार्रवाई के निर्देश
जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को निर्देशित किया है कि यदि सड़कों पर मलबा, गड्ढे या क्षतिग्रस्त जल संयोजन पाए गए, तो इसके लिए जिम्मेदार विभागों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन यह सुनिश्चित करना चाहता है कि खेलों के दौरान देहरादून की छवि एक साफ-सुथरे और सुव्यवस्थित शहर के रूप में प्रस्तुत हो।

रात्रिकालीन कार्यों को मिली सीमित अनुमति
15 फरवरी के बाद ही सड़क क्रॉसिंग वाले स्थानों पर विद्युत, पेयजल और सीवर लाइनों के कार्य किए जा सकेंगे, वह भी केवल रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक। कार्यदायी संस्थाओं को यह भी निर्देश दिए गए हैं कि कार्य समाप्त होने के बाद ड्रेनों को बंद करना अनिवार्य होगा, ताकि कोई दुर्घटना या आमजन को असुविधा न हो।

डामरीकरण व मरम्मत कार्य में तेजी लाने के निर्देश
जिन परियोजनाओं की पहले ही अनुमति दी जा चुकी है, वहां डामरीकरण, परिसंपत्तियों की मरम्मत और अन्य विभागीय कार्यों को तुरंत पूरा करने के निर्देश जारी किए गए हैं। निर्माण कार्यों से हुई क्षति की समुचित क्षतिपूर्ति संबंधित विभागों को समय पर उपलब्ध कराए जाने पर भी जोर दिया गया है।

बैठक में अनेक विभागों के अधिकारी रहे मौजूद
इस समीक्षा बैठक में उप जिलाधिकारी कुमकुम जोशी, अधिक्षण अभियंता मुकेश परमार, और जल संस्थान, जल निगम, विद्युत तथा दूरसंचार विभागों के अधिकारी भी उपस्थित रहे। सभी विभागों को स्पष्ट निर्देश दिए गए कि समन्वय और समयबद्ध कार्य के साथ शहर को नेशनल खेलों के अनुरूप तैयार किया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!