प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी आगामी सोमवार को बहुप्रतीक्षित ‘परीक्षा पे चर्चा’ कार्यक्रम के माध्यम से देशभर के विद्यार्थियों से संवाद करेंगे। इस दौरान वे परीक्षा के तनाव को कम करने और आत्मविश्वास के साथ सफलता पाने के गुरु मंत्र साझा करेंगे। कार्यक्रम का डिजिटल सजीव प्रसारण उत्तराखंड सहित देशभर के स्कूलों में किया जाएगा ताकि ज्यादा से ज्यादा छात्र-छात्राएं इसका लाभ उठा सकें।
स्कूलों में तैयारियां पूर्ण, सभी छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित
उत्तराखंड के विद्यालयी शिक्षा मंत्री डॉ. धन सिंह रावत ने बीते दिन अपने सरकारी आवास पर बैठक कर विद्यालयी शिक्षा विभाग की तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी शासकीय, अशासकीय और निजी विद्यालयों में ‘परीक्षा पे चर्चा’ का सजीव प्रसारण अनिवार्य रूप से कराया जाए।
डॉ. रावत ने बताया कि इस बार प्रदेश के 10 लाख से अधिक छात्र-छात्राएं इस कार्यक्रम से जुड़ेंगे। कार्यक्रम में कक्षा 6 से 12 तक के छात्र, अभिभावक, शिक्षक, विभागीय अधिकारी और क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि भी भाग लेंगे और छात्रों का उत्साहवर्धन करेंगे।
दिल्ली से होगा सीधा प्रसारण, प्रधानमंत्री देंगे जवाब
प्रधानमंत्री मोदी दिल्ली स्थित भारत मंडपम से विद्यार्थियों के परीक्षा संबंधित सवालों के जवाब देंगे और उन्हें तनावमुक्त होकर परीक्षा की तैयारी करने के टिप्स देंगे। हर वर्ष की तरह इस बार भी छात्रों को सीधे संवाद का अवसर मिलेगा, जिससे उन्हें प्रेरणा और मार्गदर्शन मिलेगा।
सहायक गतिविधियों के भी होंगे आयोजन
डॉ. रावत ने बताया कि बड़ी संख्या में छात्रों ने इस संस्करण के लिए पंजीकरण कराया है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि इस कार्यक्रम को और अर्थपूर्ण एवं प्रभावी बनाने के लिए सहायक गतिविधियां जैसे निबंध लेखन, पोस्टर प्रतियोगिता, क्विज आदि भी आयोजित की जाएं। इसका उद्देश्य छात्रों को परीक्षा के दौरान तनावमुक्त बनाए रखना है।
वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में हुई समीक्षा
बैठक में महानिदेशक विद्यालयी शिक्षा झरना कमठान, निदेशक एससीईआरटी/माध्यमिक शिक्षा वंदना गर्ब्याल, अपर निदेशक डॉ. मुकुल सती सहित अन्य वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे। सभी अधिकारियों को निर्देशित किया गया है कि वे कार्यक्रम के प्रसारण और व्यवस्थाओं की निगरानी और क्रियान्वयन सुनिश्चित करें।