पत्रकार अपने कार्य की पहचान सही रखें, लोगों तक स्टीक और तथ्यात्मक खबर पहुंचाएं

आल मीडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड का प्रथम अधिवेशन

गुलशन नैयर प्रदेश अध्यक्ष और रवींद्र नाथ कौशिक महामंत्री नामित

देहरादून । नेशनल जर्नलिस्ट यूनियन आफ इंडिया (एनयूजेआई ) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अशोक मलिक का कहना है कि संचार के बढते साधनों के बीच आज जब कोई भी समाचार तुरंत लोगों तक पहुंचने लगा है तब पत्रकारों की जिम्मेदारी और बढ गयी है और उन्हें अपने कार्य की पहचान को सही रखने की जरूरत है ताकि लोगों तक किसी भी घटना की स्टीक और तथ्यात्मक खबर पहुंच सके।

अशोक मलिक एनयूजेआई से सम्बद्ध नवगठित पत्रकार संगठन आल मीडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड के प्रथम अधिवेशन में बतौर मुख्य वक्ता बोल रहे थे। इससे पहले अधिवेशन का अतिथियों द्वारा दीप प्रज्वलित करने के साथ शुभारंभ हुआ।

देहरादून के वरिष्ठ पत्रकार रवींद्र नाथ कौशिक के संयोजन में यहां नगर निगम प्रेक्षागृह में आयोजित अधिवेशन में मुख्य वक्ता श्री मलिक ने कहा कि एक समय पत्रकारिता एक मिशन की तरह थी और इसे कार्यपालिका, विधायिका और न्यायपालिका के बाद लोकतंत्र का चौथा स्तम्भ माना जाता रहा। उस दौर में अखबार ही संचार का मुख्य माध्यम होते थे और एक खबर को पाठकों तक पहुंचने में काफी समय लग जाता था लेकिन बाद में संचार के माध्यम बढते गये। वर्तमान में संचार माध्यमों के बढने के कारण हरेक व्यक्ति संचारक हो गया। उन्होंने कहा कि ऐसे में अखबार, टीवी और अन्य पेशेवर माध्यमों से जुडे पत्रकारों की जिम्मेदारी बढ जाती है। पत्रकारों को अपने कार्य की सही पहचान रखने की जरूरत है ताकि किसी घटना की स्टीक और तथ्यपरक जानकारी पाठकों तक पहुंचे।

एनयूजेआई के अध्यक्ष ने कहा कि बदलते दौर में जब पत्रकार और पत्रकारिता को शासकों, नेताओं और कारोबारियों द्वारा इस्तेमाल करने का चलन बढ रहा है तब पत्रकारों की यह भी जिम्मेदारी है कि वह सबकी सुनने के बाद निष्पक्ष समाचार देने का प्रयास करें। उन्होंने संगठन द्वारा पत्रकारों के हितों में उठाए गए कदमों की जानकारी भी साझा की।
इस अवसर पर एनयूजेआई के अध्यक्ष ने नवगठित संगठन के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष पद पर पत्रकार गुलशन नैयर और महामंत्री पद पर रवींद्र नाथ कौशिक को नामित करने की भी घोषणा की।
इससे पहले कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि शामिल हुए कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने अधिवेशन आयोजन की सराहना की और कहा कि जनसेवक होने के नाते वह संगठन में किसी भी योगदान के लिए हर समय तैयार रहेंगे।

विशिष्ट अतिथि देहरादून के महापौर सुनील उनियाल गामा ने भी मीडिया से निष्पक्ष और तथ्यपरक जानकारी लोगों तक पहुंचाने पर जोर दिया।महापौर ने नगर निगम द्वारा सिंगल यूज प्लास्टिक के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान में सहयोग की अपील भी की। उन्होंने कहा कि सुरक्षित पर्यावरण की दृष्टि से सिंगल यूज प्लास्टिक का उपयोग न करने के लिए लोगों को जागरुक करने में मीडिया बड़ी भूमिका का निर्वहन कर सकता है।

विशिष्ट अतिथि सूचना एवं लोक सम्पर्क विभाग के महानिदेशक वंशीधर तिवारी ने भरोसा दिलाया कि पत्रकारों की किसी भी तरह की समस्या के समाधान के लिए वह हर समय तैयार हैं। सूचना विभाग के महानिदेशक ने कहा कि उनकी कोशिश रहेगी कि विभाग और पत्रकारों के बीच संवाद बना रहे। उन्होंने पत्रकारों से कहा कि खबरों की संख्या बढ़ाने के साथ ही गुणवत्ता और तथ्यों का भी ध्यान रखें।

इस अवसर पर आल मीडिया जर्नलिस्ट एसोसिएशन उत्तराखंड की ओर से मुख्य अतिथि और अन्य विशिष्ट अतिथियों को शाल ओढ़ाकर और स्मृति चिन्ह भेंट करके सम्मानित भी किया गया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे हरिद्वार के वरिष्ठ पत्रकार बृजेन्द्र हर्ष ने अधिवेशन में उपस्थित सभी पत्रकारों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में समाजसेवी विजय स्नेही पत्रकार जय सिंह रावत, राजकमल गोयल, गिरधर शर्मा, नागेंद्र उनियाल, प्रभा वर्मा, रेनू सेमवाल, जितेंद्र अंथवाल, नीरज कोहली, मनोज ईष्टवाल सहित अनेक पत्रकार मौजूद रहे। कार्यक्रम संचालन वरिष्ठ पत्रकार राम प्रताप साकेती ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!