कांग्रेस ने की लोकायुक्त कानून बनाने और भर्ती घोटाले की सीबीआई से जांच की मांग

कांग्रेस विचार विभाग कार्यकर्ताओं का महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना 

देहरादून ।उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस के विचार विभाग के कार्यकर्ताओं ने प्रदेश अध्यक्ष डा प्रदीप जोशी के नेतृत्व में भर्ती घोटाले की सीबीआई जांच कराने और लोकायुक्त बनाए जाने ने की मांग को लेकर आज यहां गांधी पार्क में महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरना दिया।

कांग्रेस विचार विभाग के कार्यकर्ता आज प्रातः गांधी पार्क में एकत्र हुए और प्रदेश में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ महात्मा गांधी की प्रतिमा के समक्ष धरने पर बैठ गए। धरने के माध्यम से कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री को एक ज्ञापन भी भेजा। ज्ञापन में कहा गया कि उत्तराखंड राज्य का निर्माण लम्बे संघर्ष और बलिदानों के उपरान्त जिन उद्देश्य और सरोकारों के लिए हुआ था वह आज 21 वर्ष उपरान्त शासन प्रशासन में व्याप्त भ्रष्टाचार के कारण पूरा होता नहीं लगता। भर्तियों में हुई गड़बड़ी में बड़े स्तर पर नेताओं और अधिकारियों की संलिप्तता इसकी भयावहता की ओर इशारा कर रही है। ज्ञापन में कहा गया कि प्रदेश भर भू-माफिया जमीनों को खुर्द बुर्द करने में लगे हुए हैं। प्रदेश का युवा, छात्र और मातृशक्ति सड़कों पर आन्दोलनरत है। कांग्रेस विचार विभाग ने ज्ञापन में मांग की कि उत्तराखंड को भ्रष्टाचार मुक्त बनाने के लिए राज्य सरकार तुरंत अपने वायदे के अनुसार लोकायुक्त कानून लागू करे और भर्ती घोटालों की सीबीआई से जांच कराए। इसके साथ ही हिमाचल प्रदेश की तर्ज पर शीघ्र सख्त भू कानून भी बनाया जाए।

धरने पर बैठने वालों में विचार विभाग के प्रदेश अध्यक्ष डाॅ प्रदीप जोशी, प्रदेश उपाध्यक्ष डाॅ डीके त्यागी, जिला अध्यक्ष डा अरूण रतूड़ी, महानगर अध्यक्ष राकेश भट्ट के साथ ही आनंद बहुगुणा, महेंद्र सिंह, अनिता चंदेल, दिनेश भंडारी, परितोष सिंह, शोभा, सुरेंद्र प्रसाद आदि दर्जनों कार्यकर्ता शामिल रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!