महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की कैबिनेट से होम मिनिस्टर अनिल देशमुख को बीते साल इस्तीफा देना पड़ा था और अब नवाब मलिक को लेकर भाजपा हमलावर है। ट्रांसफर-पोस्टिंग में घूसखोरी से लेकर दाऊद से लिंक के आरोपों को लेकर उद्धव ठाकरे सरकार परेशान है और इसमें बड़ा रोल विपक्ष के नेता देवेंद्र फडणवीस का है। अनिल देशमुख से लेकर नवाब मलिक तक के खिलाफ सनसनीखेज खुलासे करने वाले देवेंद्र फडणवीस के चलते उद्धव ठाकरे की रातों की नींद हराम हो गई है। बीते साल फरवरी में मुकेश अंबानी के घर के बाहर एक संदिग्ध कार से विस्फोटक बरामद हुआ था और इसे लेकर जांच चल रही थी।
इसी दौरान देवेंद्र फडणवीस ने खुलासा किया था कि इसके पीछे सचिन वाझे का रोल है और इस कार का मालिक लापता है। कुछ वक्त बाद जांच हुई तो सचिन वाझे बुरी तरह से फंसे और फिलहाल जेल में बंद हैं। यही नहीं वाझे का सीधा लिंक अनिल देशमुख से बताया गया तो सनसनी फैल गई और लंबी चली जांच के बाद उद्धव ठाकरे के होम मिनिस्टर को पद से इस्तीफा देना पड़ गया। देशमुख पर आरोप था कि पुलिस विभाग में ट्रांसफर पोस्टिंग के लिए बड़े पैमाने पर भ्रष्टाचार किया गया था।