हरिद्वार। कांवड़ मेले को सकुशल और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए हरिद्वार जिला प्रशासन और पुलिस ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। सोमवार को प्रेस क्लब में आयोजित संवाद कार्यक्रम में जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर ने मेले की व्यवस्थाओं और सुरक्षा तैयारियों की जानकारी दी।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने बताया कि कांवड़ मेले के लिए सभी विभागों की तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। मेले के दौरान सेक्टरवार अधिकारियों की तैनाती की गई है और व्यवस्थाओं में जहां भी कोई कमी सामने आएगी, उसे तत्काल दूर किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 30 जुलाई से 11 अगस्त तक विद्यालयों में अवकाश रहेगा, जबकि विद्यार्थियों के लिए ऑनलाइन कक्षाएं संचालित की जाएंगी।
जिलाधिकारी ने खाद्य सुरक्षा विभाग को मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और सभी दुकानों पर रेट लिस्ट अनिवार्य रूप से प्रदर्शित कराने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि मानसून, राष्ट्रीय राजमार्गों पर चल रहे निर्माण कार्य और कुंभ-2027 की तैयारियों के बीच भी कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं।
एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर ने बताया कि इस बार पहली बार कांवड़ मेले में साइबर कमांडो की तैनाती की जा रही है। कमांडो सोशल मीडिया पर 24 घंटे निगरानी रखेंगे। मेले के दौरान भ्रामक, फर्जी और एआई जनरेटेड वीडियो के जरिए अफवाह फैलाने वालों पर त्वरित कार्रवाई की जाएगी।
एसएसपी ने बताया कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को कांवड़ यात्रा से अलग रखा जाएगा। इसके अलावा डीजे वाहनों के लिए निर्धारित मानकों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कांवड़ मेले की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने के लिए अन्य जनपदों से अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है। प्रशासन और पुलिस अधिकारियों ने कहा कि मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और आवश्यक सुविधाओं को लेकर सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ काम करेंगे।