धामी सरकार का महिलाओं को बड़ा तोहफा, 60 साल की उम्र से रोडवेज में मुफ्त यात्रा का ऐलान

उत्तराखंड: रक्षाबंधन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश की महिलाओं के लिए कई बड़ी घोषणाएं की हैं। महिलाओं की सुविधा, सुरक्षा, सम्मान और आर्थिक सशक्तिकरण को ध्यान में रखते हुए सरकार ने हाईटेक टॉयलेट, पिंक ई-बस और मुफ्त रोडवेज यात्रा जैसी सुविधाओं का ऐलान किया है।

मुख्यमंत्री धामी ने प्रदेश के प्रमुख सार्वजनिक स्थलों, बाजारों, पर्यटन स्थलों और अन्य आवश्यक स्थानों पर आधुनिक सुविधाओं से युक्त हाईटेक टॉयलेट विकसित करने की घोषणा की। इन टॉयलेट्स में स्वच्छता के साथ महिलाओं की निजता, सुरक्षा और जरूरी सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि मातृशक्ति की गरिमा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में है। आधुनिक और सुरक्षित सुविधाओं के माध्यम से महिलाओं के लिए अधिक सुविधाजनक एवं सम्मानजनक वातावरण तैयार किया जाएगा।

60 साल की उम्र से महिलाओं को मुफ्त रोडवेज यात्रा

रक्षाबंधन पर महिलाओं को बड़ी सौगात देते हुए सीएम धामी ने घोषणा की कि प्रदेश में अभी 65 वर्ष से अधिक आयु के वरिष्ठ नागरिकों को रोडवेज बसों में मिलने वाली मुफ्त यात्रा की सुविधा अब महिलाओं के लिए 60 वर्ष की उम्र से लागू की जाएगी। इससे प्रदेश की अधिकाधिक बुजुर्ग महिलाओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है।

महिलाओं के लिए चलेंगी पिंक ई-बस

प्रधानमंत्री ई-बस सेवा के तहत उत्तराखंड को मिलने वाली 137 इलेक्ट्रिक बसों में से देहरादून में संचालित होने वाली 100 बसों में 10 बसें महिलाओं के लिए पिंक ई-बस के रूप में समर्पित करने की भी घोषणा की गई है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस सुविधा को चरणबद्ध तरीके से प्रदेश के अन्य क्षेत्रों तक भी विस्तारित किया जाएगा, जिससे अधिक से अधिक महिलाओं को सुरक्षित और सुविधाजनक सार्वजनिक परिवहन की सुविधा मिल सके।

महिला स्वरोजगार योजना में बढ़ी ऋण सीमा

महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त और आत्मनिर्भर बनाने के लिए मुख्यमंत्री ने महिला स्वरोजगार योजना के तहत रियायती बैंक ऋण की सीमा बढ़ाने की घोषणा की। अब यह सीमा 2 लाख रुपये से बढ़ाकर 2.50 लाख रुपये कर दी गई है। सीएम धामी ने कहा कि सरकार का प्रयास है कि महिलाओं को स्वरोजगार के लिए पर्याप्त पूंजी उपलब्ध कराई जाए, ताकि वे रोजगार मांगने वाली नहीं बल्कि रोजगार देने वाली बनें।

चकरपुर में बहनों ने सीएम धामी को बांधी राखी

रक्षाबंधन के अवसर पर चकरपुर स्टेडियम में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रतिभाग किया। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में मौजूद बहनों ने मुख्यमंत्री को भाई-बहन के प्रेम, स्नेह और विश्वास के प्रतीक के रूप में रक्षासूत्र बांधा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!