देहरादून: वीरांगना तीलू रौतेली की जयंती पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 14 महिलाओं को तीलू रौतेली पुरस्कार और 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को राज्य स्तरीय पुरस्कार से सम्मानित किया।
मुख्य सेवक सदन में आयोजित समारोह में मुख्यमंत्री ने तीलू रौतेली पुरस्कार की सम्मान राशि ₹51 हजार से बढ़ाकर ₹75 हजार और आंगनबाड़ी कार्यकर्ता पुरस्कार की राशि ₹51 हजार से बढ़ाकर ₹61 हजार करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सम्मानित महिलाएं अपनी सेवा, समर्पण और उपलब्धियों से प्रदेश ही नहीं, बल्कि देश की नारी शक्ति के लिए प्रेरणा हैं। सरकार का लक्ष्य महिलाओं को सशक्त, स्वावलंबी और आत्मनिर्भर बनाना है। तीलू रौतेली पुरस्कार खेल, समाजसेवा, साहित्य, शिक्षा, कला, कृषि सहित विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं और किशोरियों को दिया जाता है।
इस वर्ष अल्मोड़ा, बागेश्वर, चमोली, चंपावत, देहरादून, हरिद्वार, नैनीताल, पौड़ी, पिथौरागढ़, रुद्रप्रयाग, टिहरी, ऊधम सिंह नगर और उत्तरकाशी की महिलाओं को सम्मानित किया गया। वहीं 35 आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को भी उनके उल्लेखनीय कार्य के लिए राज्य स्तरीय पुरस्कार प्रदान किए गए।
मुख्यमंत्री और महिला सशक्तीकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या ने पुरस्कार विजेताओं को प्रशस्ति पत्र और स्मृतिचिह्न प्रदान किए। सभी विजेताओं को ₹51-51 हजार की सम्मान राशि DBT के माध्यम से उनके बैंक खातों में भेजी गई।