भाजपा का बूथ जीतो अभियान इसी महीने, विकास यात्रा और लखपति दीदी सम्मेलन की रूपरेखा तैयार

देहरादून: उत्तराखंड विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। भाजपा इसी महीने ‘बूथ जीतो’ अभियान शुरू करने जा रही है। पार्टी का लक्ष्य राज्य में लगातार तीसरी बार सत्ता हासिल करना है।

भाजपा के संगठन महासचिव बीएल संतोष की अगुवाई में हुई राज्य कोर ग्रुप की बैठक में चुनावी रणनीति पर करीब तीन घंटे तक मंथन हुआ। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट समेत पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

भाजपा की योजना है कि राज्य के करीब 12 हजार मतदान केंद्रों से जुड़े मतदाताओं के साथ साल के अंत तक सीधा संवाद स्थापित किया जाए। पिछले चुनाव में भाजपा जिन 27 विधानसभा सीटों पर हार गई थी, उन सीटों पर विशेष फोकस रखने का फैसला लिया गया है।

बैठक में विकास यात्रा शुरू करने, लखपति दीदी सम्मेलन आयोजित करने और केंद्रीय नेताओं के उत्तराखंड दौरे की रूपरेखा तैयार की गई। साथ ही विधायकों के खिलाफ स्थानीय स्तर पर नाराजगी को दूर करने और अधूरे वादों को पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

सितंबर से केंद्रीय नेताओं के दौरे और प्रधानमंत्री की संभावित जनसभाओं का खाका भी तैयार किया जाएगा। भाजपा की रणनीति साफ है—बूथ स्तर पर संगठन मजबूत करना, जनता से सीधा संवाद बढ़ाना और चुनाव से पहले सरकार के विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!