सावन के प्रथम सोमवार पर प्रदेश के विभिन्न शिवालयों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी। गोपीनाथ मंदिर के साथ ही बटलेश्वर, गंजेश्वर, बामनाथ और रुद्रनाथ मंदिरों में शिवभक्तों ने जलाभिषेक कर भगवान भोलेनाथ का आशीर्वाद लिया। मंदिर परिसर ‘हर-हर महादेव’ और ‘बम-बम भोले’ के जयकारों से गूंज उठे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।
सुबह चार बजे से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगनी शुरू हो गईं। बारिश के बावजूद श्रद्धालुओं का उत्साह कम नहीं हुआ और वे जलाभिषेक व दर्शन के लिए कतारों में डटे रहे। इसके अलावा आराघर स्थित लक्ष्मी नारायण पंचायती मंदिर और केदारपुरम स्थित श्री सिद्धेश्वर महादेव मंदिर में भी बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने पूजा-अर्चना कर सुख-समृद्धि की कामना की।