ड्रग विभाग की सख्ती, अवैध दवाओं पर कार्रवाई; कई मेडिकल स्टोर सील – Bharat Naman

ड्रग विभाग की सख्ती, अवैध दवाओं पर कार्रवाई; कई मेडिकल स्टोर सील

देहरादून में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण और ड्रग विभाग की संयुक्त टीम ने सहसपुर, बड़ा रामपुर, छोटा रामपुर, झाझरा और सुद्धोवाला क्षेत्र के मेडिकल स्टोरों पर व्यापक निरीक्षण अभियान चलाया। जांच के दौरान लाइसेंस, फार्मासिस्ट की उपस्थिति, दवाइयों के रखरखाव, एक्सपायरी दवाओं, सीसीटीवी व्यवस्था, फ्रिज की स्थिति और औषधियों के क्रय-विक्रय संबंधी अभिलेखों की बारीकी से जांच की गई। इस दौरान कई प्रतिष्ठानों में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर पांच मेडिकल स्टोरों को तत्काल प्रभाव से बंद कर दवाइयों की बिक्री पर रोक लगा दी गई।

जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सीमा डुंगराकोटी के नेतृत्व में हुई इस कार्रवाई में बालाजी मेडिकोज में फार्मासिस्ट और मालिक अनुपस्थित मिले, साथ ही खराब फ्रिज में रखी अधिकांश दवाइयां एक्सपायर पाई गईं, जिन्हें जब्त कर स्टोर बंद करा दिया गया। पर्व मेडिकल स्टोर में भी छह माह पुरानी एक्सपायरी दवाएं और नारकोटिक्स दवाओं के बिल न मिलने पर उसे सील किया गया। जनता मेडिकल स्टोर में खराब फ्रिज में रखे इंजेक्शन खराब अवस्था में मिले, जिन्हें मौके पर नष्ट कराया गया और सीसीटीवी बंद होने के कारण स्टोर को बंद कर दिया गया।

इसके अलावा शंभु मेडिकल स्टोर में सीसीटीवी और दवाओं के रखरखाव में खामियां मिलने पर संचालन रोकने के निर्देश दिए गए, जबकि हेल्थ केयर फार्मेसी में फार्मासिस्ट और मालिक दोनों अनुपस्थित मिलने पर उसे भी बंद करा दिया गया। कार्रवाई की सूचना मिलते ही आसपास के कई मेडिकल स्टोर संचालकों ने अपने प्रतिष्ठान बंद कर दिए, जिससे उनकी कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो गए।

अधिकारियों ने लोगों से अपील की गई है कि यदि कहीं बिना पर्ची के दवाओं की बिक्री, एक्सपायरी दवाओं का उपयोग या अन्य अनियमितताएं सामने आएं तो इसकी जानकारी तुरंत संबंधित विभाग को दें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *