सिलक्यारा टनल हादसा: लापरवाही के आरोप, कंपनी प्रबंधन घेरे में

सिलक्यारा टनल में बुधवार देर रात हुए दर्दनाक हादसे में एक मजदूर की जान चली गई। निर्माण कार्य के दौरान टनल के भीतर अचानक ऊपर से स्लैब गिर गया, जिसकी चपेट में आने से झारखंड के बोकारो निवासी नरेश गंजू गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बड़कोट ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद टनल में काम कर रहे श्रमिकों ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए काम बंद कर दिया। श्रमिकों ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा देने और टनल के भीतर सुरक्षा मानकों को और मजबूत करने की मांग की। उनका कहना है कि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोकने के लिए निर्माण स्थल पर सुरक्षा उपायों की व्यापक समीक्षा जरूरी है।

इधर जिलाधिकारी प्रशांत आर्य के निर्देश पर एसडीएम बड़कोट बृजेश तिवारी ने मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया। उन्होंने NHIDCL के अधिकारियों, मौजूद कर्मचारियों और श्रमिकों से सीधे बातचीत कर घटना की जानकारी जुटाई और कहा कि मामले में विस्तृत जांच की जा रही है।

वहीं कंपनी प्रबंधन के अनुसार हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दे दी गई है और उनके पहुंचने के बाद पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी की जाएगी। फिलहाल शव को अस्पताल की मोर्चरी में सुरक्षित रखा गया है। कंपनी के अधिकारियों का कहना है कि टनल में सभी आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए थे, लेकिन हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!