भाजपा का हरियाली मिशन: प्रदेशभर में लगाए जाएंगे लाखों पौधे

उत्तराखंड में लोकपर्व हरेला पूरे उत्साह और पर्यावरण संरक्षण के संकल्प के साथ मनाया गया। इस अवसर पर प्रदेशभर में व्यापक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए गए। भाजपा ने भी ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत अगले एक माह में छह लाख पौधे लगाने का लक्ष्य निर्धारित कर राज्यव्यापी अभियान की शुरुआत की है। इस अभियान के तहत बूथ स्तर पर न्यूनतम 50 पौधे मंत्रियों, सांसदों, विधायकों और पार्टी पदाधिकारियों के सहयोग से लगाए जाएंगे।

प्रदेश महामंत्री कुंदन परिहार ने बताया कि यह अभियान 15 अगस्त तक चलेगा और हरेला पर्व को पर्यावरण संरक्षण एवं संवर्धन के संदेश के साथ व्यापक रूप में मनाया जाएगा। अभियान के सफल संचालन के लिए प्रदेश उपाध्यक्ष राजेंद्र बिष्ट के संयोजन में महिला मोर्चा अध्यक्ष रुचि भट्ट, किसान मोर्चा अध्यक्ष महेंद्र सिंह नेगी और युवा मोर्चा अध्यक्ष विपुल मेंदोली को जिम्मेदारी सौंपी गई है। साथ ही जिला और मंडल स्तर पर विशेष समितियां गठित की गई हैं, जो राज्य के सभी 11,729 बूथों पर विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से जनसहयोग से पौधरोपण को बढ़ावा देंगी।

अभियान के तहत जनप्रतिनिधियों को भी पौधरोपण के लक्ष्य दिए गए हैं, जिनमें सांसद अपने क्षेत्र में न्यूनतम 10 और विधायक व अन्य जनप्रतिनिधि कम से कम 15 कार्यक्रम आयोजित करेंगे। इसके साथ ही लगाए गए पौधों की सुरक्षा और देखरेख की जिम्मेदारी भी तय की जा रही है। वहीं नगर निगम देहरादून ने हरेला पर्व के अवसर पर हरित क्रांति अभियान शुरू करते हुए 70 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य रखा है और स्वयं सहायता समूहों के माध्यम से घर-घर पौधों का वितरण भी किया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!