अल्मोड़ा: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी रविवार को अल्मोड़ा के पांडेखोला स्थित शहीद लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी के घर पहुंचे और उनके माता-पिता, भाई सहित परिवार के अन्य सदस्यों से मुलाकात की। मुख्यमंत्री ने शहीद को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि देश की रक्षा के लिए दिया गया उनका बलिदान सदैव याद रखा जाएगा।
सीएम धामी ने शोकाकुल परिवार से घटना की जानकारी ली और उन्हें राज्य सरकार की ओर से हर संभव सहायता का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी का बलिदान आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत रहेगा और इस कठिन समय में पूरा उत्तराखंड परिवार के साथ खड़ा है। शहीदों का सम्मान और उनके आश्रितों की देखभाल राज्य सरकार की प्राथमिकता है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने अल्मोड़ा में शहीद बीरेश्वर गोस्वामी के नाम पर एक भव्य गेट बनाने की घोषणा भी की।
बता दें कि लेफ्टिनेंट बीरेश्वर गोस्वामी जम्मू-कश्मीर के राजौरी क्षेत्र में सेना के एक अभियान के दौरान शहीद हुए थे। इस अवसर पर मेयर अजय वर्मा, दायित्वधारी गोविंद सिंह पिलख्वाल, जनप्रतिनिधि, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद रहे।