देवभूमि में गूंजा योग का संदेश, सीएम धामी ने प्रदेशवासियों को दी अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं

देहरादून: अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर उत्तराखंड में योग के विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। देवभूमि में हजारों लोगों ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संकल्प लिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने चंपावत के बनबसा में आयोजित 12वें अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के भव्य कार्यक्रम में प्रतिभाग किया।

वहीं, राजधानी देहरादून के परेड ग्राउंड में भी भव्य योग कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मंत्री सुबोध उनियाल, सौरभ बहुगुणा और खजान दास ने किया। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने योगाभ्यास में हिस्सा लिया।

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेशवासियों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग भारत की सनातन संस्कृति की अमूल्य धरोहर है, जो तन, मन और आत्मा के बीच समन्वय स्थापित करता है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयासों से योग को पूरी दुनिया में नई पहचान मिली है

सीएम धामी ने कहा कि योग ने विश्व को स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली, मानसिक संतुलन और आध्यात्मिक उन्नति का मार्ग दिखाया है। योग अब सीमाओं से परे मानवता के कल्याण का वैश्विक माध्यम बन चुका है।उन्होंने कहा कि देवभूमि उत्तराखंड सदियों से योग, आध्यात्मिक साधना और ऋषि-मुनियों की तपस्थली रही है। राज्य सरकार उत्तराखंड को योग, आयुर्वेद, वेलनेस और प्राकृतिक चिकित्सा के वैश्विक केंद्र के रूप में विकसित करने के लिए लगातार कार्य कर रही है।

मुख्यमंत्री ने बताया कि नई योग नीति के माध्यम से योग एवं ध्यान केंद्रों को प्रोत्साहन, योग प्रशिक्षकों को सहयोग और योग व वेलनेस आधारित रोजगार के अवसर विकसित किए जा रहे हैं।

उन्होंने प्रदेशवासियों से प्रतिदिन योग को जीवन का हिस्सा बनाने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने, नशामुक्त समाज के निर्माण में योगदान देने और योग के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!