उत्तराखंड के ऊर्जा निगमों यूपीसीएल और यूजेवीएनएल में प्रबंध निदेशक (एमडी) के पदों पर नियुक्ति प्रक्रिया बुधवार को सचिवालय में आयोजित साक्षात्कार के साथ पूरी हुई। दोनों पदों के लिए कुल 14 उम्मीदवारों ने साक्षात्कार में हिस्सा लिया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की मंजूरी के बाद पीसी ध्यानी को यूपीसीएल का नया प्रबंध निदेशक और एके सिंह को यूजेवीएनएल का नया प्रबंध निदेशक नियुक्त किया गया।
ऊर्जा निगमों में प्रबंध निदेशक (एमडी) के पद लंबे समय से प्रभारी अधिकारियों के जरिए संचालित हो रहे थे। स्थायी नियुक्ति के लिए शासन ने पहले आवेदन आमंत्रित किए थे, जिनके तहत 18 अभ्यर्थियों ने आवेदन किया। इनमें से 16 उम्मीदवारों को साक्षात्कार के लिए बुलाया गया, जबकि बुधवार को 14 अभ्यर्थी ही साक्षात्कार में शामिल हुए। प्रमुख सचिव डॉ. आर. मीनाक्षी सुंदरम के अनुसार, मुख्यमंत्री से नियुक्तियों को मंजूरी मिल चुकी है और इनके औपचारिक आदेश गुरुवार को जारी किए जाएंगे।