कांवड़ यात्रा 2026: सरकार ने तैयार किया व्यापक प्लान, सुरक्षा और हेलिकॉप्टर पुष्पवर्षा पर विशेष जोर

हरिद्वार: आगामी कांवड़ मेले की तैयारियों को लेकर हरिद्वार में प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक के दौरान मेले से जुड़ी सभी व्यवस्थाओं की विस्तृत समीक्षा की गई और संबंधित विभागों की तैयारियों का आकलन किया गया। प्रभारी मंत्री ने बताया कि इस वर्ष कांवड़ मेला 30 जुलाई से 11 अगस्त तक आयोजित किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि मेले के सफल और व्यवस्थित संचालन के लिए सरकार ने व्यापक तैयारियां की हैं। कांवड़ मेले के आयोजन के लिए 18 करोड़ 53 लाख रुपये की धनराशि की मांग की गई है, जबकि कुल प्रस्तावित बजट 21 करोड़ 38 लाख रुपये निर्धारित किया गया है। बैठक में सभी विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधाओं और व्यवस्थाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।

प्रभारी मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि इस वर्ष कांवड़ यात्रियों के स्वागत को विशेष रूप दिया जाएगा। श्रद्धालुओं पर हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा कर उनका भव्य स्वागत किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यात्रा मार्ग और प्रमुख पड़ाव स्थलों पर पेयजल, पार्किंग, स्वच्छता, स्वास्थ्य सेवाएं, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं।

प्रभारी मंत्री ने बताया कि इस बार कांवड़ मेले में पहली बार वाटर एंबुलेंस की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए एयर एंबुलेंस की व्यवस्था भी तैयार रखी जाएगी। उन्होंने डीजे के साथ कांवड़ यात्रा करने वाले श्रद्धालुओं से संयम बरतने की अपील करते हुए कहा कि तेज ध्वनि में संगीत न बजाएं और प्रशासन की ओर से जारी सभी दिशा-निर्देशों का पूरी तरह पालन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!