देहरादून। उत्तराखंड में पर्यटन को नई गति देने के उद्देश्य से इस वर्ष नवंबर और दिसंबर में अंतरराष्ट्रीय पर्यटन कॉन्क्लेव का आयोजन किया जाएगा। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में आयोजित उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) की बोर्ड बैठक में 514 करोड़ रुपये का बजट पारित किया गया। बैठक में साहसिक पर्यटन, तीर्थाटन और स्थानीय रोजगार को बढ़ावा देने के लिए कई महत्वपूर्ण प्रस्तावों को मंजूरी दी गई।
बैठक में ट्रैकिंग रूटों पर पर्यटकों के ठहरने की सुविधाओं को बेहतर बनाने के लिए संचालित ट्रैकिंग ट्रैक्शन होमस्टे योजना में अनुदान राशि बढ़ाने का निर्णय लिया गया। अब इस योजना के तहत छह नए कमरों के निर्माण पर प्रति कमरा एक लाख रुपये, अधिकतम पांच लाख रुपये तक का अनुदान दिया जाएगा। पहले प्रति कमरा 60 हजार रुपये और अधिकतम 3.60 लाख रुपये तक की सहायता मिलती थी।
इसके अलावा पुराने मकानों को होमस्टे के रूप में विकसित करने के लिए मरम्मत कार्य पर मिलने वाले अनुदान में भी बढ़ोतरी की गई है। अब प्रति कमरे की मरम्मत के लिए 25 हजार रुपये के बजाय 50 हजार रुपये का अनुदान दिया जाएगा।
बैठक में प्रदेश में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने, ट्रैकिंग मार्गों पर सुविधाएं विकसित करने और पर्यटन के माध्यम से स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने पर विशेष जोर दिया गया। सरकार का मानना है कि अंतरराष्ट्रीय पर्यटन कॉन्क्लेव और नई योजनाओं से उत्तराखंड वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर और मजबूत पहचान बना सकेगा।