उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (UKSSSC) के माध्यम से चयनित 221 अभ्यर्थियों को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने नियुक्ति पत्र सौंपे। शहरी विकास, कौशल विकास एवं सेवायोजन तथा पशुपालन विभाग में चयनित इन युवाओं को मंगलवार को मुख्यमंत्री आवास स्थित मुख्य सेवक सदन में आयोजित कार्यक्रम में नियुक्ति दी गई।
मुख्यमंत्री धामी ने नवचयनित अभ्यर्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह अवसर युवाओं के लंबे परिश्रम और संघर्ष का परिणाम है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार काम कर रही है। बीते साढ़े चार वर्षों में प्रदेश में 33 हजार से अधिक युवाओं को सरकारी सेवाओं से जोड़ा गया है।
सीएम ने कहा कि युवाओं की सफलता प्रदेश की प्रगति का आधार है। सरकार रोजगार के साथ स्वरोजगार को भी बढ़ावा दे रही है।
नई स्टार्टअप नीति, मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना और युवा प्रोत्साहन योजनाओं के जरिए युवाओं को आर्थिक और तकनीकी रूप से मजबूत बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में युवाओं के लिए रोजगार, स्वरोजगार और नए अवसरों का विस्तार किया जा रहा है। सरकार की योजनाओं से प्रदेश के युवा अपने भविष्य को लेकर पहले से अधिक आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहे हैं।