दिल्ली अग्निकांड मामले में केशव नेगी के समर्थन में उतरे नेता, निष्पक्ष जांच की मांग

नई दिल्ली के मालवीय नगर स्थित एक होटल में हुए अग्निकांड मामले में गिरफ्तार उत्तराखंड निवासी केशव नेगी के समर्थन में कांग्रेस और भाजपा दोनों सामने आ गए हैं। नेताओं ने केशव नेगी की गिरफ्तारी पर सवाल उठाते हुए मामले की निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। उनका कहना है कि जांच के बाद ही दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, ताकि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो।

पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने भी मामले में चिंता जताते हुए आरोप लगाया कि बड़े जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने के बजाय छोटे कर्मचारियों को आरोपी बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि होटल संचालन से जुड़े जिम्मेदार व्यक्तियों की भूमिका की भी जांच होनी चाहिए।

 

कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने कहा कि मालवीय नगर होटल अग्निकांड बेहद दुखद घटना है, लेकिन इस मामले में दिल्ली सरकार की कार्रवाई पर सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि होटल में सेफ का काम करने वाले उत्तराखंड निवासी केशव नेगी पर आग बुझाने में सहयोग नहीं करने का आरोप लगाया गया है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या आग बुझाने की जिम्मेदारी होटल के सेफ की थी या फिर होटल प्रबंधन की। उन्होंने कहा कि जांच का मुख्य बिंदु आग लगने के कारण, सुरक्षा मानकों की अनदेखी और नियमों के उल्लंघन होना चाहिए।

वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने बताया कि उन्होंने और सांसद अनिल बलूनी ने दिल्ली पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों से बातचीत कर पूरे मामले की पारदर्शी जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि दोषी व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए, लेकिन किसी निर्दोष के साथ अन्याय नहीं होना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!