कर्णप्रयाग। सिवाई में मैक्स कंपनी की ओर से बनाई जा रही सुरंगों के निर्माण का काम पनाई गांव के ग्रामीणों ने विरोध के बाद रुकवा दिया। ग्रामीणों ने सुरंग के मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन कर धरना दिया।
ग्रामीणों का आरोप है कि सुरंग निर्माण के दौरान हो रही ब्लास्टिंग से उनके मकानों में दरारें पड़ रही हैं, जिससे भवनों की सुरक्षा को खतरा पैदा हो गया है। इसके अलावा पुल निर्माण से होने वाले शोर के कारण भी लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से प्रभावित परिवारों के विस्थापन और क्षेत्र का भूगर्भीय सर्वे कराने की मांग की। सूचना मिलने पर एसडीएम कर्णप्रयाग और रेलवे परियोजना के अधिकारी मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों से बातचीत की।
ग्रामीणों ने बताया कि ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत सिवाई में तीन सुरंगों और तीन पुलों का निर्माण चल रहा है। उनका कहना है कि निर्माण कार्य बढ़ने के साथ मकानों को नुकसान भी बढ़ रहा है। उन्होंने कंपनी से सुरक्षित तरीके से काम करने की मांग की।
एसडीएम सोहन सिंह रांगड़ ने बताया कि ग्रामीणों के मकानों में आई दरारों का आकलन कर आरवीएनएल की ओर से मुआवजा देने पर सहमति बनी है। आश्वासन के बाद ग्रामीणों ने धरना समाप्त कर दिया।