देहरादून। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने शुक्रवार को अवैध निर्माण और स्वीकृत मानचित्र के विपरीत किए जा रहे निर्माण के खिलाफ निरीक्षण अभियान चलाया। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण की टीम ने राजपुर, जाखन, पुरकुल, डीआईटी मालसी समेत आसपास के क्षेत्रों में निर्माणाधीन भवनों का निरीक्षण किया।
एमडीडीए के संयुक्त सचिव गौरव चटवाल ने निर्माण स्थलों का जायजा लेकर स्वीकृत नक्शे और मौके पर हो रहे निर्माण का मिलान कराया। इस दौरान कई निर्माणकर्ताओं से आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने को कहा गया। जहां स्वीकृत मानचित्र के विपरीत निर्माण मिला, वहां नियमानुसार कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
संयुक्त सचिव ने कहा कि बिना अनुमति या स्वीकृत नक्शे से हटकर किए जा रहे निर्माण के खिलाफ उत्तराखंड नगर एवं ग्राम नियोजन अधिनियम के तहत कार्रवाई की जाएगी।
वहीं, एमडीडीए उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि अवैध कॉलोनियों, बिना स्वीकृति भवन निर्माण और मानचित्र के विपरीत निर्माण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।