ऋषिकेश में लगने वाले यातायात जाम से निजात दिलाने के उद्देश्य से ₹1161.27 करोड़ की लागत वाली ऋषिकेश बाईपास परियोजना प्रस्तावित की गई है। यह फोरलेन बाईपास राष्ट्रीय राजमार्ग-7 के अंतर्गत तीनपानी से योग नगरी होते हुए खारास्रोत तक 12.67 किलोमीटर लंबा होगा। प्रस्तावित योजना को लेकर मुख्यमंत्री जल्द ही केंद्रीय सड़क परिवहन मंत्री नितिन गडकरी से चर्चा करेंगे।
इस परियोजना के तहत 4.876 किलोमीटर लंबे एलिवेटेड मार्ग का निर्माण किया जाएगा, जो तीन हाथी कॉरिडोर से होकर गुजरेगा। साथ ही चंद्रभागा नदी पर 200 मीटर लंबा पुल और रेलवे पोर्टल पर 76 मीटर का आरओबी प्रस्तावित है। इसके अतिरिक्त श्यामपुर रेलवे क्रॉसिंग पर ₹318 करोड़ की लागत से 76 मीटर लंबा आरओबी बनाया जाएगा, जिससे नेपाली फार्म से ऋषिकेश के नटराज चौक तक यातायात सुचारु रूप से संचालित हो सके।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री आवास में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा के साथ प्रस्तावित योजनाओं को लेकर विस्तृत चर्चा की। मुख्यमंत्री ने जानकारी दी कि शीघ्र होने वाली केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से बैठक में ऋषिकेश बाईपास सहित अल्मोड़ा–दन्या–पनार–घाट मार्ग, ज्योलिकोट–खैरना–गैरसैंण–कर्णप्रयाग मार्ग तथा अल्मोड़ा–बागेश्वर–कांडा–उडियारी बैंड मार्ग के निर्माण प्रस्तावों के साथ राष्ट्रीय राजमार्गों से जुड़े राज्य के कई अहम मुद्दों को प्रमुखता से रखा जाएगा।
इन राष्ट्रीय राजमार्ग परियोजनाओं के मूर्त रूप लेने से उत्तराखंड का सड़क नेटवर्क सुदृढ़ होगा, आवागमन अधिक सुचारु बनेगा और पर्वतीय क्षेत्रों को मुख्यधारा से जोड़ने में मदद मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि बेहतर सड़क कनेक्टिविटी से चारधाम यात्रा, पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी नई रफ्तार मिलेगी। वहीं केंद्रीय राज्य मंत्री अजय टम्टा ने प्रस्तावित योजनाओं पर सहमति जताते हुए कहा कि राज्य में सड़क संपर्क के विकास के लिए केंद्र सरकार लगातार प्रयास कर रही है।