टीएचडीसी कोटेश्वर में 35 वां स्थापना दिवस समारोह सादगी से मनाया गया

कार्मिक पूरे मनोयोग से अपने कार्यों को करें:एके घिल्डियाल

खेल प्रतियोगिताओं के विजेता और सांस्कृतिक प्रस्तुति देने वाले बच्चे पुरस्कृत 

कोटेश्वरपुरम। टीएचडीसी लिमिटेड कोटेश्वर में 35 वां स्थापना दिवस सादगी और सोशल डिस्टेंसिंग के साथ मनाया गया। इस अवसर पर परियोजना के नवरंग हाल में मुख्य अतिथि महाप्रबंधक परियोजना एके घिल्डियाल ने  टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड के ध्वज को फहराया और झंडे को सलामी दी।

अपर महाप्रबंधक (एचआर एवं प्रशासन )टिहरी डा ए एन त्रिपाठी द्वारा उपलब्ध करायी गयी जानकारी के अनुसार कार्यक्रम के दौरान लाइव टेलीकास्ट के माध्यम से टीएचडीसी के अध्यक्ष और प्रबंध निदेशक ने कार्पोरेट कार्यालय ऋषिकेश से विभिन्न यूनिटों एवं परियोजनाओं में कार्यरत कर्मचारियों को सम्बोधित किया और स्थापना दिवस की शुभकामनाएं दी।

इस अवसर पर परियोजना महाप्रबंधक एके घिल्डियाल ने भी कर्मचारियों, अधिकारियों को सम्बोधित किया। उन्होंने कहा कि हम सबका कार्पोरेशन के कर्मचारी होने के नाते यह कर्तव्य है कि इस कार्पोरेशन को बनाने में अपना अहम योगदान देने वाले कर्मचारियों को इस पावन बेला में याद करें। उन्होंने सेवानिवृत्त हो चुके कर्मचारियों की कर्मठता और ईमानदारी और मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया।

परियोजना महाप्रबंधक श्री घिल्डियाल ने सभी कार्मिकों से कहा कि हमें पूर्ण मनोयोग और निष्ठा के साथ अपने कार्यों, लक्ष्यों एवं दायित्वों को पारदर्शिता से पूरा करना है। उन्होंने कहा कि हम सभी को टीम भावना से कार्य करना है जिससे हमारा कार्पोरेशन देश के विकास में अपनी अहम भागीदारी निभा सके।

इस अवसर पर कोटेश्वर परियोजना में स्थित ओमकारानंद सरस्वती पब्लिक स्कूल के बच्चों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी गयी। सीआईएसएफ और ग्रामीण युवाओं के बीच जोर आजमाईश, रस्साकस्सी प्रतियोगिता का आयोजन भी हुआ जिसमें सीआईएसएफ के जवान विजयी रहे। महाप्रबंधक ने खेल प्रतियोगिताओं के विजेता और सांस्कृतिक कार्यक्रम देने वाले बच्चों को पुरस्कृत भी किया।

इस अवसर पर वरिष्ठ अधिकारियों में बीके गोयल अपर महाप्रबंधक, एचके जिंदल अपर महाप्रबंधक, डा श्रीमती नवनीत किरन मुख्य चिकित्सा अधिकारी टीएचडीसीआईएल, एनके भट्ट उप महाप्रबंधक, स्वर्ण सिंह नेगी उप महाप्रबंधक, विजय बहुगुणा उप महाप्रबंधक, आरडी शर्मा सहायक कमांडेंट सीआईएसएफ के अलावा एच एस राणा उप प्रबंधक, आरडी ममगाई उप प्रबंधक (जनसम्पर्क ), गिरीश उनियाल उप प्रबंधक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!