योगनगरी ऋषिकेश रेलवे स्टेशन पर यात्रियों के लिए नि:शुल्क प्याऊ

कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, प्रेमचंद अग्रवाल और पूर्व मंत्री अमृता रावत ने किया लोकार्पण

एसके विरमानी / ऋषिकेश 18 मई। मानव उत्थान सेवा समिति शाखा प्रेमनगर आश्रम की ओर से योगनगरी रेलवे स्टेशन पर नव निर्मित माता राज राजेश्वरी धर्मार्थ प्याऊ का लोकार्पण पर्यटन मंत्री श्री सतपाल महाराज, वित्त मंत्री श्री प्रेमचंद अग्रवाल और पूर्व कैबिनेट मंत्री श्रीमती अमृता रावत ने संयुक्त रूप से किया।

बुधवार को योगनगरी रेलवे स्टेशन में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री अग्रवाल  ने कहा कि मानव उत्थान सेवा समिति आमजन के लिए तत्परता और निष्काम भाव के साथ काम करती है। समिति विगत कई वर्षों से धर्मार्थ के कार्यों में अग्रणीय भूमिका निभा रही है।

श्री अग्रवाल ने कहा कि हमारे राज्य के पर्यटन मंत्री श्री महाराज  का पहाड़ पर रेल पहुंचाने का सपना साकार हो रहा है, योगनगरी स्टेशन के रूप में ऋषिकेश रेलवे स्टेशन को भी लोग विशेष रूप से देखने को आते है। इससे पर्यटन को भी बढ़ावा मिल रहा है। कहा कि पहाड़ के लोगों को रेल दिखाने का काम प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी  ने किया है।

उन्होंने कहा कि माता राज राजेश्वरी धर्मार्थ प्याऊ का सीधा लाभ योगनगरी स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को मिलेगा। उन्होंने तेज धूप में यात्रियों की प्यास बुझाने का काम करने पर मानव उत्थान सेवा समिति को बधाई दी।

इस मौके पर पर्यटन मंत्री श्री सतपाल महाराज ने बताया कि यह प्याऊ औषधीय गुणों से भरपूर है, जिसे एल्कलाइन वाटर कहा जाता है। इसके सेवन से कैंसर का खतरा कम होता है। यह भोजन पचाने में मदद करता है। शरीर को स्वस्थ्य रखने में मदद करता है।

उन्होंने कहा कि जब वह रेल मंत्री रहे तब उनका सपना था कि पहाड़ तक रेल पहुंचे, आज साकार हो रहा है। कहा कि भविष्य में इस योगनगरी रेलवे स्टेशन पर टूरिज्म की विधा देखने को मिलेगी। यहाँ एडवेंचर, धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा दिया जाएगा। इस दिशा में राज्य सरकार योजना तैयार कर रही है।

चारधाम यात्रा को लेकर श्री महाराज जी ने कहा कि हमारी अपील है कि अस्वस्थ लोग यात्रा पर जाने से पूर्व अपना स्वास्थ्य परीक्षण जरूर कराए।

इस मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री अमृता रावत, प्रबंधक मुरादाबाद मंडल अजय नंदन, मंडल अध्यक्ष दिनेश सती, अरविंद चौधरी, महंत कुंजापुरी मंदिर राजेन्द्र भंडारी, पूर्व विधायक ओम गोपाल रावत, समाजसेवी वचन पोखरियाल, कविता शाह, अनिता तिवाड़ी, उषा जोशी, सुमित पंवार, संजय व्यास, पंकज भट्ट सहित रेलवे स्टेशन के अधिकारी व कर्मचारी, भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!