चमोली जिले की पीपलकोटी–विष्णुगाड़ जल विद्युत परियोजना की निर्माणाधीन सुरंग में हुए हादसे को लेकर मजिस्ट्रेटी जांच शुरू कर दी गई है। इस घटना की जांच उप जिलाधिकारी चमोली द्वारा की जा रही है। बताया जा रहा है कि पीपलकोटी में स्थित टीएचडीसी की सुरंग में 30 दिसंबर की रात लगभग साढ़े आठ बजे दो लोको वैगन आपस में टकरा गए थे।
हादसे के समय एक लोको वैगन श्रमिकों को लेकर सुरंग के भीतर जा रहा था, जबकि दूसरा निर्माण सामग्री से भरा वैगन सुरंग के अंदर खड़ा किया गया था। वैगन का ऑपरेटर उसे खड़ा कर वहां से चला गया, जिसके चलते वह ढलान की ओर अपने आप चल पड़ा और सामने से आ रहे वैगन से उसकी भिड़ंत हो गई।