मसूरी क्षेत्र में किए गए सात चालान
देहरादून। कोरोना संक्रमण के फिर से बढते मामलों के मद्देनजर जिलाधिकारी ने सार्वजनिक स्थानों पर मास्क के इस्तेमाल को कडाई से पालन कराने के निर्देश दिए हैं। ध्यान रहे कि जिलाधिकारी डाॅ आर राजेश कुमार द्वारा जनपद में सार्वजनिक स्थानों पर मास्क पहना अनिवार्य कर दिया गया है और इसका पालन करने पर पांच सौ रूपए से 1000 रूपए तक जुर्माना हो सकता है।

इन निर्देशों के बाद आज जिलाधिकारी ने समस्त उप जिलाधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों क्षेत्र में कोविड संक्रमण से बचाव हेतु विभिन्न माध्यमों से जनजागरूकता कार्यक्रम चलाने के साथ ही बाजारों एवं सार्वजनिक स्थानों पर निरीक्षण करते हुए कार्यवाही करने के निर्देश दिए है। जिलाधिकारी ने समस्त उप जिला मजिस्ट्रेट/नगर मजिस्ट्रेट/क्षेत्राधिकारी (पुलिस)/थानाध्यक्षों को अपने-अपने क्षेत्रान्तर्गत कोविड संक्रमण के दृष्टिगत सार्वजनिक स्थानों पर मास्क का प्रयोग अनिवार्यतः पालन करवाने के निर्देश दिए हैं। इसी क्रम में मसूरी क्षेत्रान्तर्गत 07 चालान किये गए। मसूरी क्षेत्र में उप जिलाधिकारी मसूरी नरेश चन्द्र दुर्गापाल ने स्थानीय व्यापारियो के साथ बैठक कर कोविड संक्रमण से बचाव हेतु गाईडलाईन का परिपालन करवाने में सहयोगी की अपेक्षा की। उन्होंने संबंधित विभाग एवं पुलिस के सहयोग से बाजार परिसर व क्षेत्र में कोरोना एवं स्वच्छता के प्रति जन जागरूकता अभियान चलाया गया।