उत्तराखंड के वरिष्ठ आईएएस मीनाक्षी सुंदरम की व्हाट्सएप पर फोटो लगाकर लोगों से पैसों की मांग की गई। जिस नंबर पर उनकी फोटो डीपी के रूप में लगाई गई है वह विदेशी नंबर है। आईएएस सुंदरम ने इसकी शिकायत एसएसपी देहरादून से की है। इससे पहले भी उनकी फोटो का इस्तेमाल कर ठगी का प्रयास किया जा चुका है। इस संबंध में उन्होंने मार्च 2024 में पुलिस को शिकायत की थी।
आईएएस सुंदरम इस वक्त प्रमुख सचिव ऊर्जा, आवास एवं नियोजन विभाग की जिम्मेदारी देख रहे हैं। उन्होंने मार्च 2024 का एक पत्र भी इस मूल शिकायत के साथ संलग्न किया है। आईएएस ने एसएसपी से कहा है कि उस वक्त की गई शिकायत पर क्या कार्रवाई हुई इसकी जानकारी उन्हें नहीं दी गई है। लिहाजा, ऐसी पुनरावृत्ति न हो इसके लिए साइबर ठगों पर कठोर कार्रवाई की जाए।