उत्तराखंड में मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना में गड़बड़झाला सामने आया है। अधिकारियों ने जनता को इसका लाभ देने के बजाय खुद या अपने परिजनों के नाम से सोलर प्लांट लगवा लिए। प्रमुख सचिव ऊर्जा आर मीनाक्षी सुंदरम ने इसकी जांच के लिए सभी जिलाधिकारियों को पत्र भेजा है।
लघु एवं सीमांत कृषकों को स्थानीय स्तर पर ही स्वरोजगार से जोड़ने के लिए मुख्यमंत्री सौर स्वरोजगार योजना लागू की थी। इसके तहत 20, 25, 50, 100 और 200 किलोवाट क्षमता के सोलर प्रोजेक्ट लगाए जा रहे हैं। चयनित लाभार्थियों को उद्योग विभाग की ओर से संचालित मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना के तहत अनुमन्य लाभ भी दिए जाते हैं।
प्रमुख सचिव आर मीनाक्षी सुंदरम ने जिलाधिकारियों को भेजे पत्र में कहा है कि परियोजनाओं के आवंटन में निर्धारित प्रावधानों का अनुपालन और जनहित में योजना के क्रियान्वयन में किसी प्रकार की अनियमितता न हो, इसके लिए अब तक हुए सभी आवंटन की जांच की जाए।