देहरादून: वरिष्ठ आईएएस अधिकारी धीराज गर्ब्याल की सोशल मीडिया पोस्ट ने मचाई हलचल
उत्तराखंड कैडर के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी और वर्तमान में सचिव पद पर तैनात धीराज गर्ब्याल की सोशल मीडिया पोस्ट ने प्रशासनिक और डिजिटल हलकों में हलचल मचा दी है। यह पोस्ट, जिसे उन्होंने फेसबुक पर साझा किया था, तेजी से वायरल हो गई, लेकिन बाद में उन्होंने इसे हटा लिया। हालांकि, तब तक यह पोस्ट कई सोशल मीडिया और व्हाट्सएप ग्रुपों में फैल चुकी थी।
गर्ब्याल की पोस्ट में कुमाऊं क्षेत्र के एक यूट्यूबर और ‘गढ़वाल के शकुनि पांडे’ का जिक्र करते हुए तीखी टिप्पणी की गई थी। उन्होंने लिखा, “अरे कुमाऊं के यूट्यूबर, खड़ी बाजार के अलावा बहुत काम जोड़ना भी भूल गया। वीडियो देख के जोड़ लेना। संस्कृति, स्थापत्य कला का संरक्षण क्या होता है, ना तू समझ पाएगा और ना ही तेरा जोड़ीदार गढ़वाल का शकुनि पांडे!”
यह पोस्ट देखते ही देखते व्हाट्सएप ग्रुपों में फैल गई, जिसमें कई वरिष्ठ आईएएस अधिकारी भी शामिल थे। कुछ ने इसे “महाविस्फोट” बताया, तो कुछ ने इस पर चर्चा करना शुरू कर दिया कि यह ‘शकुनि पांडे’ और यूट्यूबर कौन हैं।
मामला सचिवालय और मुख्यमंत्री कार्यालय तक भी पहुंच चुका है। फिलहाल, गर्ब्याल की ओर से इस पोस्ट या उससे उत्पन्न विवाद पर कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।