हरिद्वार: शादी समारोह में बवाल, दूल्हा-दुल्हन पक्ष में जमकर मारपीट, बिना शादी लौट गई बारात

शादी जैसे पवित्र और उल्लासपूर्ण अवसर को उस समय शर्मसार होना पड़ा जब हरिद्वार के बहादराबाद क्षेत्र में एक विवाह समारोह हिंसा और हंगामे में तब्दील हो गया। उत्तर प्रदेश के रामपुर से आई बरात और दुल्हन पक्ष के बीच किसी विवाद को लेकर जमकर मारपीट हुई, जिसमें करीब 20 लोग घायल हो गए और होटल में तोड़फोड़ तक की गई। नतीजतन, शादी बिना हुए ही बरात को वापस लौटना पड़ा।

घटना सोमवार देर रात बहादराबाद क्षेत्र के एक निजी होटल में हुई। रामपुर से आई बारात का स्वागत धूमधाम से किया जा रहा था, लेकिन रसमों के दौरान दोनों पक्षों के बीच किसी बात पर तीखा विवाद हो गया। बात इतनी बढ़ गई कि दुल्हन पक्ष ने शादी से इनकार कर दिया। इस पर दूल्हा पक्ष के कुछ लोगों ने गुस्से में होटल में तोड़फोड़ शुरू कर दी। देखते ही देखते दोनों ओर से लात-घूंसे और कुर्सियां चलने लगीं। समारोह में मची इस अफरातफरी में दोनों पक्षों के करीब 20 लोग घायल हो गए।

होटल प्रबंधन ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित किया और घायलों को अस्पताल भेजा। बहादराबाद थाना प्रभारी ने बताया कि होटल में लगे CCTV कैमरों में पूरी घटना रिकॉर्ड हो गई है, जिसे पुलिस ने सबूत के तौर पर कब्जे में लिया है। पुलिस ने बताया कि दोनों पक्षों की ओर से आपसी शिकायतें दर्ज कर ली गई हैं। मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल होटल में स्थिति सामान्य है और विवाह स्थल को साफ कराया जा चुका है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!