साइबर ठगों ने शेयर बाजार का लालच देकर 1.17 करोड़ रुपये की ठगी की, पुलिस जांच में जुटी

साइबर ठगों ने शेयर बाजार का लालच देकर 1.17 करोड़ रुपये की ठगी की, पुलिस जांच में जुटी

उत्तराखंड के देहरादून जिले के जाखन इलाके से एक बड़ी साइबर ठगी का मामला सामने आया है। आरोपियों ने एक स्थानीय निवासी को शेयर बाजार में मुनाफे का लालच देकर उससे 1.17 करोड़ रुपये की ठगी कर ली। साइबर ठगों ने खुद को एक नामी निवेश कंपनी का प्रतिनिधि बताते हुए एक मोबाइल एप के जरिए निवेश करने का प्रस्ताव दिया और शुरूआत में मुनाफा भी दिखाया। लेकिन जब पीड़ित ने अपनी रकम वापस लेने की कोशिश की, तो आरोपियों ने न केवल नए-नए बहाने बनाए, बल्कि और अधिक धन जमा कराने के लिए दबाव डाला।

व्हाट्सएप ग्रुप से शुरू हुई ठगी
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि कुछ दिन पहले उसे एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ा गया, जिसमें कई लोग ‘आस्क इन्वेस्टमेंट मैनेजर्स लिमिटेड’ के प्रतिनिधि के रूप में सक्रिय थे। ये लोग खुद को शेयर बाजार में निवेश के विशेषज्ञ बताते हुए मुनाफे के दावे कर रहे थे और कथित कमाई के स्क्रीनशॉट्स भी साझा कर रहे थे। इस पर विश्वास कर पीड़ित ने निवेश करने का निर्णय लिया।

ग्रुप की एक एडमिन, प्रिया शर्मा नाम की महिला ने पीड़ित को एक मोबाइल एप ‘AskICPro’ डाउनलोड करने के लिए कहा और निवेश की प्रक्रिया शुरू कराई। 17 मार्च को पीड़ित ने अपनी पत्नी के खाते से 50,000 रुपये एप में दिए गए बैंक खाते में जमा किए और इसके बाद उसे कुछ ही देर में 10,000 रुपये का मुनाफा दिखाया गया, जिससे उसका विश्वास और बढ़ गया।

निवेश बढ़ता गया, ठगी का शिकार हुआ
इसके बाद पीड़ित ने अपने निवेश को बढ़ाया और लगातार उसे एप पर लाखों रुपये की कमाई दिखने लगी। लेकिन जब उसने अपनी राशि निकालने की कोशिश की, तो उसे बताया गया कि 5 लाख रुपये से कम का भुगतान नहीं किया जा सकता और धीरे-धीरे निवेश की सीमा भी बढ़ा दी गई। पीड़ित ने इस पर विश्वास करते हुए NEFT, RTGS और अन्य माध्यमों से कुल मिलाकर 1.17 करोड़ रुपये एप से जुड़े खातों में जमा कर दिए।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी
इस घटना के बाद पीड़ित ने साइबर थाने में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सीओ साइबर, अंकुश मिश्रा ने बताया कि मामले की जांच तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर की जा रही है। उन्होंने आम जनता से अपील की है कि वे अनजान निवेश ग्रुप्स और एप्स से सतर्क रहें और बिना जांच-पड़ताल के किसी भी लिंक या कॉल पर विश्वास न करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!