गौकशी और संगठित अपराधों में शामिल वांछित अपराधी एहसान को देहरादून पुलिस ने आज सुबह सहसपुर के तिमली धर्मावाला इलाके में हुई मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिसके बाद उसे विकासनगर के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
संदिग्ध के भागने पर पुलिस ने किया पीछा
बुधवार सुबह पुलिस टीम तिमली धर्मावाला क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी, तभी एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार युवक को रोका गया। पूछताछ से पहले ही वह भागने लगा, जिसे पुलिस ने जंगल की ओर पीछा कर रोका। इसी दौरान आरोपी ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी।
कई राज्यों में दर्ज हैं संगीन मामले
गिरफ्तार आरोपी की पहचान 22 वर्षीय एहसान, निवासी सहारनपुर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है। वह देहरादून के क्लेमेंट टाउन थाने का वांछित अपराधी था और हरियाणा के कुरुक्षेत्र में भी उस पर आपराधिक मामले दर्ज हैं।
एहसान विकासनगर, रायपुर (देहरादून) और पुरूवाला (सिरमौर, हिमाचल प्रदेश) की गौकशी की घटनाओं में भी संलिप्त पाया गया है।
पुलिस के अनुसार, एहसान पर 18 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें गौकशी, गैंगस्टर एक्ट और अवैध हथियार रखना शामिल है।
बरामदगी:
एक मोटरसाइकिल
एक 12 बोर का तमंचा
एक जिंदा कारतूस
एक खोखा कारतूस
अधिकारियों ने लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना पर देहरादून एसएसपी और एसपी विकासनगर मौके पर पहुंचे और अस्पताल में भर्ती आरोपी की स्थिति की जानकारी ली। पुलिस ने इस मुठभेड़ को सफल ऑपरेशन करार देते हुए कहा कि
“अपराधियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी और गौकशी जैसे संगठित अपराधों को पूरी तरह खत्म किया जाएगा।”