विधानसभा स्थित अपने कार्यालय में आज कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने मसूरी विधानसभा क्षेत्र में प्रस्तावित सड़कों के निर्माण कार्यों की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने पीडब्ल्यूडी और पीएमजीएसवाई के तहत बनने वाली सड़कों के निर्माण में आ रही चुनौतियों पर गहरी चिंता जताई और अधिकारियों को तेजी से काम करने के निर्देश दिए।
मंत्री गणेश जोशी ने कहा कि मसूरी विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण सड़कों का शिलान्यास किया गया है, लेकिन अब तक इनका निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने बुरांशखण्डा से गढ़ मोटरमार्ग, चामासारी-लुहारीगढ़ मोटरमार्ग, मसराणा-मोटीधार लिंकमार्ग, और छमरोली-डोमकोट, चामासारी-तल्याणीगढ़ जैसी प्रमुख सड़कों का उल्लेख किया, जिनकी स्वीकृति वन विभाग से लंबित है। मंत्री ने उम्मीद जताई कि इनमें से तीन मोटरमार्गों को आगामी 15 दिनों में वन विभाग से स्वीकृति मिल जाएगी और बाकी सड़कों की स्वीकृति भी शीघ्र मिल जाएगी।
इसके अलावा, मंत्री ने भिलाड़ू स्टेडियम के लिए स्वीकृत सड़क मार्ग पर भी वन विभाग से आगामी 10 दिनों में स्वीकृति मिलने की बात कही। उन्होंने अधिकारियों से आग्रह किया कि सभी वन क्षेत्र के अंतर्गत आने वाली सड़कों की स्वीकृति शीघ्र प्राप्त की जाए और निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए।
मंत्री जोशी ने यह भी बताया कि 5 अप्रैल 2025 को इस मुद्दे पर फिर से समीक्षा की जाएगी, ताकि सभी कार्य समयबद्ध तरीके से पूरे किए जा सकें। इसके अलावा, उन्होंने किमाड़ी मोटरमार्ग के चौड़ीकरण के लिए भी निर्देश दिए और निर्माण में गुणवत्ता बनाए रखने का महत्व बताया। उन्होंने अधिकारियों को यह भी कहा कि जहां तारकोल से सड़क निर्माण संभव नहीं हो, वहां टाईल्स का उपयोग किया जाए।
इस बैठक में पीसीसीएफ आरके मिश्र, एचओडी पीडब्ल्यूडी राजेश शर्मा सहित अन्य संबंधित अधिकारीगण भी उपस्थित थे।