एसटीएफ की अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई, नामी गैंगस्टर की 153 करोड़ की संपत्ति कुर्क

 

डीजीपी अशोक कुमार

देहरादून। उत्तराखण्ड पुलिस की एसटीएफ ने अपराधियों के विरूद्ध  सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात गैंगस्टर यशपाल तोमर  की 153 करोड़ की चल-अचल सम्पत्ति कुर्क की है ।

वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक एसटीएफ के कार्यालय द्वारा जारी विज्ञप्ति में बताया गया कि उत्तराखंड एसटीएफ ने गैंगेस्टर यशपाल तोमर के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। विवादित प्रापर्टी डीलर यशपाल तोमर से जुड़ी डेढ़ सौ करोड़ की संपत्ति कुर्क कर ली गई है।

एसटीएफ के अनुसार राज्य गठन उपरांत गैंगस्टर अधिनियम 1986 के अंतर्गत अब तक की यह सबसे बड़ी कार्रवाई  है जिसमें एक सौ तरेपन करोड़ की चल-अचल सम्पत्ति की कुर्की के आदेश  जारी हुए हैं। इसके तहत एसटीएफ  ने गैंगस्टर यशपाल तोमर की एक सौ तिरेपन करोड़ उनतीस लाख की अचल, चल संपत्ति, लक्जरी वाहन  बुलेटप्रूफ फॉर्च्यूनर आदि को जिला मजिस्ट्रेट हरिद्वार के विधिवत आदेश से कुर्क कराया गया है । एसटीएफ ने कुछ माह पूर्व पश्चिम उप्र  के  यशपाल तोमर को गिरफ्तार किया था। इसके बाद उसके खिलाफ गैंगेस्टर एक्ट कार्रवाई की गई थी। उत्तराखंड के हरिद्वार स्थित ज्वालापुर और कनखल थाने में जमीनों से जुड़े दो अलग-अलग मुकदमे यशपाल तोमर के पर दर्ज हैं। उसके विरुद्ध जमीनों पर कब्जे और खरीद-फरोख्त में हेराफेरी के आरोप हैं।

आपको बता दें उत्तराखंड पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार ने पदभार संभालने के साथ ही पुलिस अधिकारियों को संदेश दिया था कि उत्तराखंड को किसी भी दशा में कुख्यात /शातिर अपराधियों की शरणस्थली नहीं बनने दिया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!