धामी मंत्रिमंडल में कौन होंगे नए चेहरे? इस पर चर्चा के लिए दिल्ली आ सकते हैं CM

 

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी चंपावत जिले से विधायक हैं। उनके अलावा पौड़ी जिले से सतपाल महाराज व डा धन सिंह रावत, देहरादून से गणेश जोशी व प्रेमचंद अग्रवाल, टिहरी से सुबोध उनियाल, अल्मोड़ा से रेखा आर्या और ऊधम सिंह नगर जिले से सौरभ बहुगुणा मंत्री हैं। इनमें से देहरादून जिले से मंत्री प्रेमचद अग्रवाल अपने पद से त्यागपत्र दे चुके हैं। देखें तो मंत्रिमंडल में सात जिलों को प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। अब उम्मीद जताई जा रही है कि मंत्रिमंडल विस्तार और फेरबदल में इन जिलों के विधायकों में से कुछ की किस्मत खुल सकती है।

अब जबकि बदली परिस्थितियों में मंत्रिमंडल विस्तार जरूरी हो गया है तो भाजपा संगठन भी मंथन में जुट गया है। मुख्यमंत्री धामी इस संबंध में केंद्रीय नेतृत्व से विमर्श करने सोमवार को दिल्ली जा सकते हैं।

यही नहीं, भाजपा के प्रदेश प्रभारी दुष्यंत कुमार गौतम, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट व प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार भी दिल्ली में ही हैं। चर्चा है कि मुख्यमंत्री उनके साथ बैठक करने के बाद भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री संगठन बीएल संतोष, राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह समेत अन्य नेताओं से मुलाकात कर सकते हैं।

बता दें कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 23 मार्च 2022 को शपथ ली थी। अब 23 मार्च को वह अपने दूसरे कार्यकाल के तीन साल पूरे करने जा रहे हैं। जैसी परिस्थितियां बन रही हैं उससे साफ है कि अपने कार्यकाल के चौथे वर्ष में उनके मंत्रिमंडल में कुछ नए चेहरे भी होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!