मुख्यमंत्री की सुरक्षा में चूक: पांच सुरक्षाकर्मी हटाए गए, जांच जारी

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की सुरक्षा में चूक के मामले में इंटेलिजेंस मुख्यालय ने पांच सुरक्षाकर्मियों को हटा दिया है। इन सभी कर्मचारियों को सचिवालय में उनकी ड्यूटी से हटा कर उनकी मूल तैनाती स्थलों पर भेजा गया है। मामले की जांच भी की जा रही है।
सोमवार को मुख्यमंत्री धामी अपने कार्यालय जा रहे थे, तभी सचिवालय में एक कर्मचारी ने हंगामा कर दिया। इस दौरान पांच सुरक्षाकर्मी ड्यूटी पर तैनात थे। जांच में यह सामने आया कि इन सुरक्षाकर्मियों की लापरवाही के कारण स्थिति बिगड़ने का खतरा पैदा हो गया। यदि ये सुरक्षाकर्मी अधिक सतर्क होते, तो हंगामा करने वाले व्यक्ति को समय रहते रोका जा सकता था। हालांकि, मुख्यमंत्री की सुरक्षा में तैनात अन्य कर्मचारियों ने उसे रोक लिया, जिससे स्थिति नियंत्रण में रही।
प्राथमिक जांच के बाद, इंटेलिजेंस मुख्यालय ने एएसआई शमशेर सिंह को हटाकर जिला हरिद्वार, कांस्टेबल पिंकी शैव को जिला देहरादून, कांस्टेबल संजीत शर्मा को पीएसी हरिद्वार, कांस्टेबल शीला शर्मा को जिला हरिद्वार, और कांस्टेबल अनिल सिंह को आईआरबी द्वितीय देहरादून में उनके मूल तैनाती स्थल पर भेज दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!