प्रधानमंत्री के सुझावों पर तेज़ी से अमल, मुख्य सचिव ने मांगी कार्य योजना

उत्तरकाशी जिले के मुखबा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की एक दिवसीय यात्रा के कुछ ही घंटों के भीतर उत्तराखंड शासन ने उनके सुझावों पर कार्रवाई शुरू कर दी है। मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने संबंधित विभागों को 13 प्रमुख बिंदुओं पर तत्काल कार्यवाही करने और विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश जारी किए हैं।
प्रधानमंत्री मोदी ने मां यमुना के शीतकालीन प्रवास स्थल मुखबा में पर्यटन को लेकर कई दूरदर्शी सुझाव दिए थे, जिनमें राज्य के पर्यटन विकास की अपार संभावनाएं छिपी हैं। शासन ने इन सुझावों को गंभीरता से लेते हुए कार्रवाई की गति बढ़ा दी है।

प्रधानमंत्री ने दिए पर्यटन को बढ़ावा देने वाले अहम सुझाव
मुखबा दौरे के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने उत्तराखंड में पर्यटन को चारों सीज़न के लिए सशक्त बनाने की दिशा में कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए। इनमें शामिल हैं:
• घाम तापो, वेडिंग टूरिज्म, और फिल्म शूटिंग डेस्टिनेशन के रूप में उत्तराखंड की ब्रांडिंग
• शीतकालीन पर्यटन को बढ़ावा देने की रणनीति
• होम स्टे योजनाओं को मुद्रा लोन से जोड़ने का प्रस्ताव
• होटल व हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में अवस्थापना विकास
• वर्षभर पर्यटन से जुड़े थीम आधारित कार्यक्रमों का आयोजन
• वेलनेस टूरिज्म में अंतरराष्ट्रीय बेस्ट प्रैक्टिस को अपनाने का सुझाव
• वाईब्रेंट विलेज योजना के तहत जादूंग और नेलांग गांव को पर्यटन के रूप में विकसित करने की बात
• योग, स्पा और पहाड़ी व्यंजन को स्थानीय पहचान देने का आग्रह
प्रधानमंत्री ने इन प्रस्तावों को उत्तराखंड की आर्थिकी और युवाओं के लिए रोजगार का बड़ा जरिया बताया।

शीघ्र कार्यान्वयन के निर्देश
मुख्य सचिव राधा रतूड़ी ने अपर मुख्य सचिव (वित्त), प्रमुख सचिव (मुख्यमंत्री), सचिव (पर्यटन, सूचना) और उत्तरकाशी के जिलाधिकारी को पत्र भेजकर इन सुझावों पर तत्काल कार्ययोजना तैयार करने को कहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रधानमंत्री के सुझावों को जमीन पर उतारने के लिए हर विभाग ठोस और समयबद्ध प्रयास करे।
मुख्य सचिव ने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिया कि वे संबंधित क्षेत्रों में त्वरित सर्वेक्षण कर प्राथमिकता तय करें और कार्यान्वयन की प्रगति पर रिपोर्ट राज्य सरकार को सौंपें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मुखबा दौरे के तुरंत बाद जिस तरह से शासन स्तर पर एक्शन लिया गया है, वह उत्तराखंड में पर्यटन विकास को लेकर राज्य सरकार की तत्परता और प्रतिबद्धता को दर्शाता है। यदि इन सुझावों पर तेज़ी से अमल होता है, तो उत्तराखंड न केवल देश का बल्कि विश्व का एक प्रमुख पर्यटन गंतव्य बन सकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!