
जनता दरबार में प्रभारी मंत्री सुबोध उनियाल और क्षेत्रीय विधायक उमेश शर्मा ‘काऊ’
देवेन्द्र गैरोला ‘देवी’ ने प्रभारी मंत्री और विधायक के समक्ष समस्या को उठाया
देहरादून । क्षेत्रीय पार्षद श्रीमती सुशीला रावत के साथ ही भाजपा के वीर चंद्र सिंह गढ़वाली मंडल के महामंत्री देवेन्द्र गैरोला ‘देवी’ भी केदारपुरम एमडीडीए कालोनी की समस्याओं के समाधान को आगे आए।
भाजपा मंडल महामंत्री ने रायपुर विकासखंड में देहरादून जनपद के प्रभारी मंत्री की अध्यक्षता और रायपुर विधानसभा सदस्य उमेश शर्मा ‘काऊ’ की उपस्थिति में आयोजित जनता दरबार कार्यक्रम में केदारपुरम के घरों में बरसात के पानी घुस जाने, रिस्पना नदी के क्षतिग्रस्त पुश्ते के निर्माण सहित अन्य समस्या को उठाया। आपको बता दें कि गत 4-5 जुलाई की रात में भारी बारिश के बाद पानी केदारपुरम कालोनी घरों में घुस गया था। भारत नमन सम्पादक नरेश रोहिला द्वारा इस समस्या को उठाने के बाद क्षेत्र की पार्षद श्रीमती सुशीला रावत ने खुद आकर निरीक्षण किया। बाद में पार्षद ने नगर निगम से कर्मचारियों को बुलाकर केदारपुरम एमडीडीए चौक पर पानी निकासी के लिए अस्थायी रास्ता बनवाया और वहीं नाला बनवाने का आश्वासन दिया।

अब भाजपा के मंडल महामंत्री देवेन्द्र गैरोला ‘देवी’ ने जनता दरबार में केदारपुरम की समस्याओं को प्रभारी मंत्री और क्षेत्रीय विधायक के सामने रखा।
श्री गैरोला ने बताया कि प्रभारी मंत्री ने नगर निगम अफसरों को समस्या समाधान के लिए निर्देशित कर दिया है।