सिंबल आफ नालेज: डा भीमराव अम्बेडकर
नरेश रोहिला
भारत को उसका संविधान देने वाले महान न्यायविद,अर्थशास्त्री और दलित नेता डा भीमराव अम्बेडकर का आज जन्मदिवस मनाया जा रहा है। हर साल की तरह आज भी उनके बताए मार्ग पर चलने और आदर्शों को अपनाने की कसम उठायी जाएगी लेकिन तब से लेकर आज कभी सोचा है कि हम सचमुच उस रास्ते पर चल भी रहे हैंं ?
मुझे उनके जीवन के बारे बहुत कुछ नहीं पता लेकिन जो पढा और सुना। उसके अनुसार डा भीमराव अम्बेडकर बेहद कष्ट सहन करके और समाज के ताने, उलाहने सुनकर उस मुकाम पहुंचे जो आज हम जानते हैं। डा अम्बेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मप्र के इंदौर जनपद के छोटे से नगर महू में हुआ। उनके पिता रामजी मालो जी सकपाल और माता का नाम भीमाबाई था। उनके पिता ब्रिटिश सेना की भारतीय छावनी महू में कार्य करते थे। उनके पैतृक गांव का नाम अंबावडे बताया जाता है और कहते है कि इसी के आधार भीमराव के नाम साथ अम्बेडकर जुड़ा। भीमराव का बचपन बेहद कठिनाइयों और संघर्ष में बीता। महार जाति(जिन्हें अछूत माना जाता था) में जन्म लेने के कारण समाज में उन्हें शुरू से अस्पृश्यता का सामना करना पड़ा। यहां तक कि गांव में उन्हें और उनके जैसे दूसरे लोगों को सार्वजनिक कुंए से पानी लेकर पीने का अधिकार तक नहीं था। समाज में इसी असमानता और अस्पृश्यता को खत्म करने की उन्होंने ठानी और इसके लिए शिक्षा को अपना हथियार बनाया। उनके पिता का अपने बच्चों को शिक्षित करने पर जोर तो पहले ही था। भीमराव ने पिता के इस सपने का साकार कर दिखाया और तमाम दुश्वारियों के बावजूद अपने आपको उन बुलंदियों पर लाकर खडा कर दिया जो बेहद कम लोगों को हासिल हुई। आज उन्हें सिंबल आफ नालेज माना जाता है।
डा अम्बेडकर का जीवन हर मायने में प्रेरणादायी है लेकिन जो सबसे बडी सीख मिलती है, वह शिक्षा को लेकर ही है। पहले भी और आज भी शिक्षा ही वह पहली और आखिरी सीढी है जिसके दम एक आम नागरिक ऊंचाईयों को छू सकता है। डा भीमराव अम्बेडकर इसका उदाहरण है। उन्होंने न केवल खुद उच्च शिक्षा हासिल की बल्कि अपने समाज को भी शिक्षित बनाने का काम किया था। शिक्षित बनो, संगठित रहो और संघर्ष करो का नारा उन्होंने ही दिया। यह कहना उचित होगा कि हम डा अम्बेडकर से कुछ सीखें न सीखें लेकिन उनके ‘शिक्षित बनो’ के वाक्य को अपना लें तो सफल होने से कोई नहीं रोक सकता। डा भीमराव अम्बेडकर ने उस समय जब देश बेहद पिछड़ापन था। गरीबी और भुखमरी थी। अशिक्षा थी। छूआछूत और भेदभाव शीर्ष पर था तब अपनी काबिलियत के दम पर अर्थशास्त्र, दर्शनशास्त्र, राजनीति शास्त्र और कानून में डिग्रियां ली। डा भीमराव अम्बेडकर उस वक्त के शायद पहले इतने शिक्षित व्यक्ति हैं जिन्होंने करीब 32 डिग्रियां हासिल की और कोलंबिया यूनिवर्सिटी जाकर अध्ययन किया। आज भी कोलंबिया यूनिवर्सिटी में डा भीमराव अम्बेडकर की प्रतिमा लगी है। निश्चित ही यह भारत और भारत वासियों के लिए बेहद गर्व का विषय है।
डा भीमराव अम्बेडकर की तरह यह हर आम व्यक्ति का भी सपना होना चाहिए कि वह खुद को और अपने लोगों को शिक्षित करने का काम सबसे पहले करे। उसके बाद ही दूसरे कार्यों को तरजीह दे क्योंकि-
🔴शिक्षा ही व्यक्ति के जीवन का आधार है – डा भीमराव अम्बेडकर
🔴शिक्षा शेरनी का वह दूध है जो पिएगा, दहाडेगा – डा भीमराव अम्बेडकर
🔴शिक्षा महिलाओं के लिए भी उतनी ही जरूरी है जितनी पुरूषों के लिए – डा भीमराव अम्बेडकर
अत: यह आवश्यक है कि आज उनके जन्म दिवस पर यह संकल्प करें कि भूखे रहेंगे लेकिन उच्च शिक्षा जरूर हासिल करेंगे। अपने क्षेत्र में ऊंचाइयों को छूएंगे। वास्तव में शिक्षित बनने का संकल्प ही भारत रत्न डा भीमराव अम्बेडकर के लिए हमारी सच्ची श्रद्धांजलि होगी।
और अन्त में –
आप क्या जानते हैं डा भीमराव अम्बेडकर के बारे?
डा अम्बेडकर से जुड़े अनेक हजारों प्रश्न है जो हमारा सामान्य ज्ञान बढाने वाले हैं लेकिन यहां हम बेहद चुनींदा प्रश्न और उनके उत्तर आपको बता रहे है। आपके लिए उपयोगी हो सकते हैं।
प्रश्न – डॉ अम्बेडकर का जन्म कब हुआ था? उत्तर- 14 अप्रैल 1891
प्रश्न 2-डॉ अम्बेडकर का जन्म कहां हुआ था ? उत्तर-मध्य प्रदेश इंदौर के महू छावनी में हुआ था।
प्रश्न 3- डॉ अम्बेडकर के पिता का नाम क्या था?उत्तर-रामजी मोलाजी सकपाल।
प्रश्न- डॉ अम्बेडकर की माता का नाम क्या था?उत्तर-भीमा बाई।
प्रश्न – डॉ अम्बेडकर के पिता का क्या करते थे?उत्तर-सेना मैं सूबेदार थे ।
प्रश्न – डॉ अम्बेडकर की माता का देहांत कब हुआ था? उत्तर- 1896
प्रश्न- डॉ अम्बेडकर को स्कूल में कहां बैठाया जाता था? उत्तर- कक्षा के बाहर।
प्रश्न – डॉ अम्बेडकर को स्कूल मैं पानी कैसे पिलाया जाता था? उत्तर-ऊँची जाति का व्यक्ति ऊँचाई से पानी उनके हाथों पर डालता था!
प्रश्न- बाबा साहब का विवाह कब और किससे हुआ? उत्तर-रमाबाई से (1906-1935)। दूसरा विवाह सविता अम्बेडकर से (1948-1956)
प्रश्न – बाबा साहब ने मैट्रिक परीक्षा कब पास की?उत्तर-1907 में।
प्रश्न – डॉ अम्बेडकर के बंबई विश्वविद्यालय में प्रवेश लेने से क्या हुआ? उत्तर-भारत में कॉलेज में प्रवेश लेने वाले पहले अस्पृश्य बन गये।
प्रश्न – गायकवाड़ के महाराज ने डॉ अंबेडकर को पढ़ने कहां भेजा? उत्तर- कोलंबिया विश्व विद्यालय न्यूयॉर्क अमेरिका ।
प्रश्न – बैरिस्टर के अध्ययन के लिए बाबा साहब कहां और कब गए? उत्तर- 11 नवंबर 1917 लंदन में।
प्रश्न – बड़ौदा के महाराजा ने डॉ आंबेडकर को अपने यहां किस पद पर रखा? उत्तर-सैन्य सचिव पद पर।
प्रश्न – बाबा साहब ने सैन्य सचिव पद को क्यों छोड़ा? उत्तर-छुआछूत के कारण।
प्रश्न – डॉ अंबेडकर ने क्या संकल्प लिया? उत्तर-जब तक इस अछूत समाज की कठिनाइयों को समाप्त न कर दूं तब तक चैन से नहीं बैठूंगा।
प्रश्न – डॉ अंबेडकर ने कौन सी पत्रिका निकाली। उत्तर-मूक नायक ।
प्रश्न – बाबा साहब वकील कब बने? उत्तर-1923 में ।
प्रश्न – डॉ अंबेडकर ने वकालत कहां शुरु की? उत्तर-मुंबई के हाईकोर्ट से ।
प्रश्न – डा अंबेडकर ने अपने अनुयायियों को क्या संदेश दिया? उत्तर-शिक्षित बनो’ संघर्ष करो’ संगठित रहो ।
प्रश्न – बाबा साहब ने बहिष्कृत भारत का प्रकाशन कब आरंभ किया? उत्तर – 3 अप्रैल 1927
प्रश्न – बाबासाहेब लॉ कॉलेज के प्रोफ़ेसर कब बने उत्तर-1928 में।
प्रश्न – बाबा साहब मुंबई में साइमन कमीशन के सदस्य कब बने? उत्तर-1928 में।
प्रश्न – बाबा साहेब द्वारा विधानसभा में महार वेतन बिल पेश कब हुआ? उत्तर-14 मार्च 1929
प्रश्न – काला राम मंदिर मेंअछूतों के प्रवेश के लिए आंदोलन कब कियाा ?उत्तर-03 मार्च 1930
प्रश्न – पूना पैक्ट किस किस के बीच हुआ? उत्तर- डॉ आंबेडकर और महात्मा गांधी।
प्रश्न – डॉ अम्बेडकर को गोलमेज कॉन्फ्रेंस का निमंत्रण कब मिला? उत्तर- 6 अगस्त 1930
प्रश्न – डॉ अम्बेडकर ने पूना समझौता कब किया? उत्तर- 1932 ।
प्रश्न – अम्बेडकर को सरकारी लॉ कॉलेज का प्रधानाचार्य नियुक्त किया गया? उत्तर-13 अक्टूबर 1935 को।
प्रश्न – मुझे पढे-लिखे लोगों ने धोखा दिया ये शब्द बाबा साहब ने कहां कहे थे? उत्तर- आगरा मे 18 मार्च 1956 ।
प्रश्न – बाबा साहेब के पी. ए. कौन थे ? उत्तर- नानकचंद रत्तु।
प्रश्न – देश के पहले कानून मंत्री कौन थे?उत्तर-डॉ अम्बेडकर।
प्रश्न – स्वतंत्र भारत के नए संविधान की रचना किसने की? उत्तर- डॉ अम्बेडकर।
प्रश्न – डॉ अंबेडकर ने भारतीय संविधान कितने समय में लिखा? उत्तर- 2 साल 11 महीने 18 दिन।
प्रश्न-डा बी.आर. अम्बेडकर ने बौद्ध धर्मं कब और कहा अपनाया? उत्तर -14 अक्टूबर 1956, दीक्षा भूमि, नागपुर।
प्रश्न – डा बी.आर. अम्बेडकर ने बौद्ध धर्मं कितने लोगों के साथ अपनाया? उत्तर-लगभग 10 लाख।
प्रश्न – राजा बनने के लिए रानी के पेट की जरूरत नहीं, तुम्हारे वोट की जरूरत है ये शब्द किसके है? उत्तर-डा बी.आर. अम्बेडकर।
प्रश्न – डा०बी.आर. अम्बेडकर के द्वारा लिखित महान पुस्तक का क्या नाम है? उत्तर-दी बुद्ध एंड हिज धम्मा।
प्रश्न – बाबा साहब को देश के किस सर्वोच्च सम्मान से सम्मानित किया गया? उत्तर- भारत रत्न।
