कोटेश्वर परियोजना में अग्निशमन सेवा शहीदों को श्रद्धांजलि

कोटेश्वरपुरम (टिहरी गढ़वाल)। फायर स्टेशन केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई केएचईपी कोटेश्वर टिहरी गढ़वाल में आज राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस मनाया गया। इस अवसर पर कोटेश्वर परियोजना के उप महाप्रबंधक बीएस पुंडीर बतौर मुख्य अतिथि मौजूद रहे।

आपको बता दे कि 78 वर्ष पहले 14 अप्रैल 1944 को बाम्बे बंदरगाह पर एस एस फोर्ट स्टाइकिन नामक जहाज में हुए विनाशकारी अग्नि दुर्घटना में 66 अधिकारियों, 89 अग्निशमन कर्मियों और 700 से अधिक लोगों की मौत हो गयी थी। 1963 में भारत सरकार ने इस घटना और ऐसी अनेक घटनाओं की याद में 14 अप्रैल को राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के रूप मनाने की घोषणा की। तभी से यह दिन राष्ट्रीय अग्निशमन सेवा दिवस के रूप में मनाया जाता है।

फायर स्टेशन केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल इकाई केएचईपी कोटेश्वर टिहरी गढ़वाल के कार्यक्रम में परियोजना के विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों के साथ ही केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल अधिकारी, कर्मचारी मौजूद रहे। इस अवसर पर अग्नि दुर्घटनाओं में शहीद हुए अग्निशमन सदस्यों को शहीद स्मारक पर पुष्प चढ़ाकर श्रद्धांजलि दी गयी।

यह कार्यक्रम सप्ताह भर चलेगा। इस दौरान विभिन्न स्कूल कालेजों मसलन राजकीय इंटर कॉलेज चाका, राजकीय इंटर कॉलेज पोखरी, शहीद बेलमती चौहान राजकीय डिग्री कालेज पोखरी, स्वामी ओमकारा नंद सरस्वती पब्लिक स्कूल कोटेश्वर सहित विभिन्न संस्थानों में अग्निशमन प्रशिक्षण, आपदा प्रबंधन क्लास का आयोजन किया जाएगा। साथ ही निबंध व कला प्रतियोगिता करायी जाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उप महाप्रबंधक बीएस पुंडीर ने फायर प्रिवेंशन पर विशेष जोर देते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल अग्निशमन शाखा के कार्यों की भूरि भूरि प्रशंसा की।इस अवसर पर मुख्य अतिथि ने फायर प्रिवेंशन से संबंधित पुस्तिका और पंफलेट का विमोचन भी किया। इससे पूर्व कार्यक्रम में इकाई प्रभारी सहायक समादेष्टा राजेंद्र दत्त शर्मा ने सभी का स्वागत किया। संचालन निरीक्षक अग्निशमन अरशद अली खान ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!