प्रदेश की खुशहाली की कामना
एसकेविरमानी / ऋषिकेश । मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी बुधवार को त्रिवेणी घाट ऋषिकेश में आयोजित गंगा आरती में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने गंगा जी की आरती कर प्रदेश की खुशहाली की कामना की।
इस अवसर पर जी 20 इंफ्रास्ट्रक्चर वर्किंग ग्रुप की बैठक में शामिल होने आये विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों के साथ ही कैबिनेट मंत्री श्री प्रेमचन्द अग्रवाल, श्री गणेश जोशी, सांसद डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, प्रदेश भाजपा अध्यक्ष श्री महेन्द्र भटट सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित थे।
बीटल्स आश्रम में परमार्थ निकेतन के ऋषिकुमारों ने किया जी-20 के इन्फ्रास्ट्रक्चर वर्किंग ग्रुप के सदस्यों का स्वागत
दूसरी ओर परमार्थ निकेतन के आचार्यो व ऋषिकुमारों ने योगाचार्य सुश्री गंगा नन्दिनी त्रिपाठी जी के मार्गदर्शन में महर्षि महेश योगी आश्रम (बीट्ल्स आश्रम) पधारे जी-20 इन्फ्रास्ट्रक्चर वर्किंग ग्रुप के सदस्यों का शंख ध्वनि, तिलक व पुष्प वर्षा कर भारतीय पद्धति अनुसार स्वागत अभिनन्दन किया।
ज्ञात हो कि 26-28 जून, 2023 को तीसरी जी-20 इंफ्रास्ट्रक्चर वर्किंग ग्रुप की बैठक ऋषिकेश, उत्तराखंड में सम्पन्न हुई। जी-20 सदस्य देशों, आमंत्रित देशों और अंतर्राष्ट्रीय संगठनों के प्रतिनिधियों ने बैठक में भाग लिया तथा इंफ्रास्ट्रक्चर एजेंडा पर चर्चा की गयी। 
जी-20 इन्फ्रास्ट्रक्चर वर्किंग ग्रुप बुनियादी ढांचे के निवेश के विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया। जिसमें बुनियादी ढांचे को एक परिसंपत्ति वर्ग के रूप में विकसित करना, गुणवत्ता वाले बुनियादी ढांचे के निवेश को बढ़ावा देना और बुनियादी ढांचे के निवेश के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने के लिए नवीन उपकरणों की पहचान करना शामिल है। साथ ही भावी शहारों के समावेशी, टिकाऊ और लचीला विकास पर चर्चा हुई।
औपचारिक चर्चाओं के पश्चात प्रतिनिधियों ने ऋषिकेश की समृद्ध संस्कृति और सौन्दर्य और मनोरम प्राकृतिक परिदृश्यों का आंनद लिया। परमार्थ निकेतन के ऋषिकुमारों द्वारा महर्षि महेश योगी आश्रम में अभिनन्दन से अभिभूत हुये। वास्तव में यह ऋषिकेश, उत्तराखंड के लिये गौरव का विषय है।