एसकेविरमानी / ऋषिकेश। आगामी जी20 सम्मेलन और चारधाम यात्रा के तहत नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला और पुलिस प्रशासन ने संयुक्त रूप से मुख्य मार्ग एवं आस्था पथ पर पसरे अतिक्रमण को हटाया, साथ ही अतिक्रमण सामग्रियों को भी जब्त किया।
नगर पालिका परिषद मुनिकीरेती-ढालवाला और पुलिस प्रशासन की एक संयुक्त टीम जेसीबी और टैक्टर के संग मुनिकीरेती थाने में एकत्र हुई। यहां से टीम आस्था पथ शत्रुघ्न घाट में पसरे अतिक्रमण को हटाने पहुंची। अचानक कार्यवाही होता देख अतिक्रमणकारियों में अफरा-तफरी मच गई, आनन-फानन में अतिक्रमणकारी अपना सामान समेटते हुए नजर आए।
इस दौरान कुछ अतिक्रमणकारियों से पुलिस एवं पालिका टीम की नोंक-झोंक भी हुई, मगर टीम के तल्ख तेवरों के आगे अतिक्रमणकारियों की एक न चली। इसके बाद टीम ने शिवानंद गेट से खाराश्रोत पुल तक मुख्य मार्ग पर पसरे अतिक्रमण को हटाया, साथ ही अतिक्रमण सामग्री को भी जब्त किया। इसके बाद टीम ने खाराश्रोत आस्था पथ से रेहड़ियों व फड़ों के अतिक्रमण को हटाया। मौके पर पुलिस उपनिरीक्षक रमेश कुमार सैनी, नवल किशोर गुप्ता, सुनील पंत, दीपिका तिवारी, नीलम थापा, कांस्टेबल देवराज, पालिका कर्मी रंजन कंडारी, विरेंद्र पोखरियाल, सुभाष, सुपरवाइजर मुकुल, गौरव, आईआरबी की पुलिस टीम मौजूद रहे।
थाना मुनिकीरेती प्रभारी रितेश शाह ने कहा है कि आगामी जी-20 सम्मेलन एवं चारधाम यात्रा के मद्देनजर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की गई है। मुख्य मार्गों पर पसरे अतिक्रमण के कारण ट्रैफिक के सुचारू आवागमन एवं पैदल चलने वाले राहगीरों को दिक्कतें हो रही हैं।