
देहरादून । अखिल भारतीय रोहिला क्षत्रिय विकास परिषद, देहरादून के अध्यक्ष प्रकाश चंद रोहिला का आज निधन हो गया। वे 78 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय बीमार चल रहे थे। उन्हें अस्थमा का रोग था। बताते हैं कि आज वह अपना चैक अप कराने के लिए महंत इंद्रेश अस्पताल गए थे, वहीं उनका निधन हो गया। प्रकाश चंद रोहिला के परिवार में उनकी धर्मपत्नी, एक पुत्र और एक पुत्री हैं।
बेहद सरल और मृदु स्वभाव के प्रकाश चंद रोहिला समाज में काफी प्रसिद्ध थे। वे अखिल भारतीय रोहिला क्षत्रिय विकास परिषद देहरादून शाखा के लगातार दो बार अध्यक्ष रहे। उनके कार्यकाल में परिषद ने अनेक कार्यक्रमों का आयोजन किया। वे तमाम उम्र रोहिला समाज के लोगों को एकजुट करने के प्रयासों में जुटे रहे।
प्रकाश चंद रोहिला का अन्तिम संस्कार कल प्रात: 10 बजे स्थानीय लक्खी बाग श्मशानघाट पर किया जाएगा।
परिषद के महासचिव राजकुमार रोहिला ने उनके निधन को रोहिला समाज के लिए बडी क्षति बताते हुए गहरा शोक प्रकट किया है। परिषद के अन्य पदाधिकारियों ने भी प्रकाश चंद के निधन पर शोक प्रकट किया है।