
घटना की जांच को डीआईजी पी रेणुका देवी के नेतृत्व एसआईटी का गठन
देहरादून । आज प्रातः काल प्रदेश की बेटी अंकिता का पार्थिव शव बरामद कर लिया गया। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने खुद यह जानकारी मीडिया को दी। उन्होंने कहा है इस हृदय विदारक घटना से मन अत्यंत व्यथित है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने हेतु पुलिस उपमहानिरीक्षक पी. रेणुका देवी के नेतृत्व में एसआईटी का गठन कर इस गंभीर मामले की गहराई से त्वरित जांच के भी आदेश दे दिए गए हैं। आरोपियों के गैर कानूनी रूप से बने रिजॉर्ट पर बुल्डोजर द्वारा कार्रवाई भी कल देर रात की गई है। मुख्यमंत्री ने इस जघन्य अपराध के दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
ध्यान रहे कि पौडी निवासी अंकिता एक रिसोर्ट में कार्यरत थी जहां उस पर कथित रूप से वेश्यावृत्ति के लिए दबाब बनाने की बात सामने आयी है। कई दिनों से उक्त युवती को लापता बताया जा रहा था। आज प्रात पुलिस ने अंकिता का शव बरामद कर लिया।
अंकिता के दोषियों को जल्द गिरफ्तार किया जाए : मंजू त्रिपाठी
इस बीच इस हृदय विदारक घटना की आलोचनाओं का दौर जारी है।
काग्रेस प्रदेश सचिव और पूर्व सदस्य महिला एवं बाल विकास मंत्रालय श्रीमती मंजू त्रिपाठी ने प्रदेश की बेटी पौड़ी की अंकिता भंडारी के साथ हुए अत्याचार की कड़ी निंदा करते हुए राज्य सरकार से शीघ्र दोषियों को गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई किए जाने ने की मांग की है।

कांग्रेस नेत्री ने इस मामले में सरकार को निशाने पर लेते हुए कहा कि बेटी बचाओ बेटी पढाओ का नारा लगाने वालों के राज में उन्हीं के लोगों बेटियों के साथ दुर्व्यवहार करते दिख रहे हैं। उन्होंने कहा कि ताजा मामले में सत्तारूढ़ भाजपा के एक वरिष्ठ नेता के बेटे और रिसोर्ट की संलिप्तता के चलते पिछले कई दिनों के बाद भी सरकार के स्तर पर सिर्फ कोरी बयानबाजी हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा के कुशासन में बहु बेटियां खुद को असुरक्षित महसूस कर रही हैं। सरकार को देवभूमि में महिलाओं की सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए।