घाटे से मुनाफे में लौटी यूपीसीएल, बिजली खरीद पर खर्च हुई कमाई की बड़ी हिस्सेदारी

देहरादून: उत्तराखंड पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड (UPCL) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 में घाटे से उबरते हुए 328 करोड़ रुपये का मुनाफा दर्ज किया है। हालांकि, निगम की आय का सबसे बड़ा हिस्सा बिजली खरीद पर खर्च होने से लागत का दबाव अब भी बना हुआ है।

यूपीसीएल की ऑडिट रिपोर्ट के अनुसार, वित्तीय वर्ष 2025-26 में निगम की कुल आय बढ़कर 11,715 करोड़ रुपये हो गई, जो पिछले वर्ष 11,032 करोड़ रुपये थी। वहीं परिचालन राजस्व 10,347 करोड़ रुपये से बढ़कर 11,010 करोड़ रुपये पहुंच गया। अन्य स्रोतों से भी निगम को 705 करोड़ रुपये की आय हुई।

इस अवधि में यूपीसीएल का कुल खर्च 11,386 करोड़ रुपये रहा। इसमें सबसे बड़ा खर्च बिजली खरीद पर हुआ, जो पिछले वर्ष के 9,170 करोड़ रुपये से बढ़कर 9,407 करोड़ रुपये पहुंच गया। कर्मचारियों के वेतन एवं अन्य लाभों पर 509 करोड़ रुपये तथा मरम्मत एवं रखरखाव पर 507 करोड़ रुपये खर्च किए गए।

बिजली चोरी और लाइन लॉस पर नियंत्रण के मामले में भी निगम को सफलता मिली है। एटीएंडसी (AT&C) लॉस घटकर 13.58 प्रतिशत रह गया, जो पिछले वित्तीय वर्ष में 14.55 प्रतिशत था। वहीं बिलिंग दक्षता बढ़कर 87.92 प्रतिशत हो गई। 31 मार्च 2026 तक यूपीसीएल की कुल संपत्ति और देनदारियां बढ़कर 14,646 करोड़ रुपये हो गईं, जो एक वर्ष पहले 11,500 करोड़ रुपये थीं।

वर्तमान में राज्य में करीब 6 करोड़ यूनिट प्रतिदिन बिजली की मांग है, जबकि राज्य और केंद्रीय पूल से कुल लगभग 3.9 करोड़ यूनिट बिजली ही उपलब्ध हो रही है। मांग पूरी करने के लिए निगम को करीब 2 करोड़ यूनिट बिजली खुले बाजार से खरीदनी पड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!