उत्तराखंड में 70 स्थानों पर एक साथ होगी मॉक ड्रिल, 2 जुलाई को परखी जाएगी मानसून से निपटने की तैयारी

देहरादून: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देश पर उत्तराखंड में मानसून की तैयारियों को अंतिम रूप देने और विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय सुनिश्चित करने के लिए 2 जुलाई को राज्यभर में व्यापक मॉक ड्रिल आयोजित की जाएगी। सभी 13 जिलों के 70 स्थानों पर एक साथ राहत एवं बचाव कार्यों का अभ्यास किया जाएगा।

शुक्रवार को सचिव विनोद कुमार सुमन की अध्यक्षता में मॉक ड्रिल की तैयारियों को लेकर ओरिएंटेशन एवं कोऑर्डिनेशन कॉन्फ्रेंस आयोजित की गई। बैठक में सभी जिलों को मॉक ड्रिल के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि मुख्यमंत्री ने मानसून के दौरान संभावित आपदाओं से प्रभावी ढंग से निपटने, राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक सशक्त बनाने तथा विभागों के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करने के उद्देश्य से यह मॉक ड्रिल कराने के निर्देश दिए हैं।

बैठक में अपर मुख्य कार्यकारी अधिकारी (प्रशासन) प्रकाश चंद्र ने Administrative Training Institute Nainital से आपदा प्रबंधन का प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके सरकारी कर्मचारियों का डेटाबेस तैयार करने और उन्हें आपदा की स्थिति में प्रथम प्रतिक्रियादाता (First Responder) के रूप में तैयार करने के निर्देश भी दिए। इससे आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

error: Content is protected !!